पानी को लेकर निगम मुख्यालय पर वार्ड 33 के रहवासियों का हंगामा
ग्वालियर। नगर निगम मुख्यालय में मंगलवार को वार्ड 33 के रहवासियों ने पानी की समस्या को लेकर हंगामा किया। लोगों का आरोप है कि पिछले 6-7 महीनों से क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था खराब है और पिछले 6 दिनों से कई इलाकों में पानी पूरी तरह बंद है। पानी आने पर कई बार दूषित पानी मिलने की शिकायत भी की गई।
वार्ड 33 निवासी शाहीन ने बताया कि लोग कई महीनों से कम पानी में गुजारा कर रहे हैं। पिछले 6 दिनों से बिल्कुल पानी नहीं मिला है। शिकायत करने पर कर्मचारी एक-दूसरे के पास भेज देते हैं और पार्षद से शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। कांग्रेस नेता सुनील शर्मा ने बताया कि लक्ष्मण तलैया क्षेत्र में लंबे समय से पानी की समस्या है। 10-15 दिन पहले भी अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। मंगलवार को महिलाओं और रहवासियों के साथ करीब डेढ़ घंटे धरने के बाद सभी निगम मुख्यालय पहुंचे। शर्मा ने कहा कि अमृत योजना पर करोड़ों रुपए खर्च होने के बाद भी लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। योजना के तहत तीन मंजिल तक पानी पहुंचाने का दावा किया गया था, लेकिन यहां पहली मंजिल तक भी पानी नहीं पहुंच रहा।
अपर आयुक्त प्रदीप तोमर ने बताया कि लक्ष्मण तलैया क्षेत्र में एक मोटर खराब है, जबकि दूसरी मोटर का हेड खराब होने से वह भी काम नहीं कर रही है। निगम की टीम को दोनों मोटरों की स्थिति ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं।