भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में मध्यप्रदेश का दबदबा, आशीष उषा अग्रवाल को राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में मध्य प्रदेश का दबदबा बढ़ा है। पार्टी की जारी सूची में MP के 8 नेताओं को अहम राष्ट्रीय जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनमें लाल सिंह आर्य, गजेंद्र पटेल, कविता पाटीदार, विष्णु दत्त शर्मा, बंसीलाल गुर्जर, तरुण चुघ, सौदान सिंह और आशीष उषा अग्रवाल शामिल हैं। इनमें 4 बीजेपी सांसद हैं।
MP से लाल सिंह आर्य, कविता पाटीदार, विष्णु दत्त शर्मा और सौदान सिंह को लेकर पहले ही जानकारी दी थी कि इन्हें भाजपा की राष्ट्रीय टीम में अहम जिम्मेदारी मिल सकती है। सोमवार को जारी राष्ट्रीय टीम की सूची में इन नामों पर मुहर लग गई। नई सूची में लाल सिंह आर्य को भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं खरगोन से सांसद गजेंद्र पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी मिली है। राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है।
सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री बनाया गया है, जबकि मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। खजुराहो सांसद विष्णु दत्त (VD) शर्मा को प्रकोष्ठ संकुल का राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है। वहीं राज्यसभा सांसद बंसीलाल गुर्जर को किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। गुर्जर इससे पहले मध्य प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसके अलावा मध्य प्रदेश भाजपा से जुड़े आशीष उषा अग्रवाल को राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।