पेयजल लाइनों के लीकेजों को 24 घंटे में करें ठीक: निगमायुक्त संघ प्रिय
ग्वालियर। शहर में जल प्रदाय एवं सीवर समस्या को लेकर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने सख्त रूख अपना लिया है। निगम आयुक्त ने पेयजल समस्या के निराकरण में लापरवाही बरतने पर मैसर्स विष्णु प्रकाश आर पुंगलिया के खिलाफ 50 लाख की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अधिकारियों को फील्ड में रहकर कार्य करने के निर्देष दिए। उन्होंने कहा है कि जहां भी पेयजल लाइन में लीकेज की सूचना मिले उसे तत्काल 24 घंटे के अंदर हर हाल में ठीक किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान अधीक्षण यंत्री एसएल बाथम, कार्यपालन यंत्री शिशिर श्रीवास्तव, महेंद्र प्रसाद अग्रवाल, प्रवीण दीक्षित सहित सभी सहायक यंत्री उपस्थित रहे।
निगम आयुक्त संघ प्रिय ने पेयजल सप्लाई की समीक्षा की, बैठक में बताया गया कि वार्ड क्रमांक 34 ,वार्ड क्रमांक 33, वार्ड क्रमांक 40 तथा आदित्यपुरम, पटेल नगर में पेयजल की समस्या आ रही है। उन्होंने कहा कि लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि एक दिन छोड़कर पानी की सप्लाई करने के बाद भी कई इलाकों में पानी नहीं पहुंच रहा है। नगर निगम आयुक्त ने समय पर सभी क्षेत्रों में पानी सप्लाई करने के निर्देष दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देष दिए कि वह वार्ड वार जानकारी एकत्रित कर उपलब्ध कराई जाए। निगम आयुक्त ने कहा कि आमजनों की समस्याओं का समय पर निराकरण नहीं होने की लगातार शिकायतें आ रही हैं, उन्होंने अधीक्षण यंत्री को निर्देश दिए कि लापरवाही बरतने वाले उपयंत्रियों पर कार्रवाई की जाए। निगम आयुक्त ने निर्देष दिए हैं कि शिंदे की छावनी, हजीरा, बहोडापुर आदि इलाकों में रोक के बाद भी गाड़ी धुलाई सेंटर संचालित हो रहे हैं, उन पर तत्काल रोक लगाई जाए। इसके साथ ही निगमायुक्त ने निर्देष दिए हैं कि डीबी मॉल एवं बस स्टैण्ड के पास बारिश में जलभराव की समस्या आती है, इसलिए जलनिकासी की कार्ययोजना बनाकर दें। बैठक में नगर निगम आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि समय सीमा में सीवर की समस्याओं का निराकरण किया जाए। साथ ही सीवर समस्या के निराकरण की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही उन्होंने सीवर समस्या के निराकरण के लिए वार्डवार कर्मचारियों को तैनात करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व में स्वीकृत कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।