कृषि विश्वविघालय के स्थापना दिवस पर होगा एल्युमिनी मीट का आयोजन
ग्वालियर। राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय का 19वां स्थापना दिवस इस बार कुछ खास होने जा रहा है। स्थापना दिवस के अवसर पर पहली बार बड़े स्तर पर एल्युमिनी मीट का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विश्वविद्यालय के करीब 200 पूर्व विद्यार्थी एक मंच पर जुटेंगे। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ खेलकूद गतिविधियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
समारोह की तैयारियों को लेकर मंगलवार को विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अरविंद कुमार शुक्ला ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक की। उन्होंने 15 अगस्त को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की भी जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कुलपति डॉ. शुक्ला ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमापूर्ण और उत्साहपूर्वक आयोजित किया जाए तथा सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। बैठक में 19 अगस्त को होने वाले विश्वविद्यालय के 19वें स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। एल्युमिनी मीट को लेकर विशेष रूप से तैयारियां की जा रही हैं। इस आयोजन में विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर चुके करीब 200 पूर्व विद्यार्थी शामिल होंगे। पूर्व विद्यार्थी वर्तमान छात्रों के साथ अपने शैक्षणिक, व्यावसायिक और जीवन के अनुभव साझा करेंगे।