गाँव-गाँव गूंजा भारत माता की जय का जयघोष, निकलीं तिरंगा यात्राएं

ग्वालियर ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत ग्वालियर जिले में देशभक्ति का उत्साह और राष्ट्रप्रेम की उमंग चरम पर है। जिले के गाँव-गाँव और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। इन यात्राओं में पंचायत राज संस्थाओं के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, विद्यार्थियों, शासकीय सेवकों सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों और जन अभियान परिषद से जुड़े कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता देखने को मिल रही है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जिलेवासियों से अपील की है कि 17 अगस्त तक अपने घर, प्रतिष्ठान एवं कार्यालय पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं और स्वतंत्रता दिवस के इस राष्ट्रीय उत्सव में अपनी सक्रिय सहभागिता निभायें। 
हर घर तिरंगा अभियान के तहत ग्राम ओड़पुरा, भरथरी, सोता खिरिया सहित जिले के अनेक ग्रामों में भी तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों से गाँवों की गलियां गूंज उठीं। यात्रा के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “स्वतंत्रता अमर रहे”, “घर-घर तिरंगा, हर घर तिरंगा” जैसे नारों से ग्रामीणों ने राष्ट्रभक्ति का उत्साहपूर्ण प्रदर्शन किया। जन अभियान परिषद से जुड़ी नवांकुर संस्थाओं, प्रस्फुटन समितियों तथा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के परामर्शदाताओं और छात्र-छात्राओं ने भी तिरंगा यात्राओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। तिरंगा यात्राओं के माध्यम से जिलेवासियों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति कर्तव्यबोध की भावना को और मजबूत किया जा रहा है।  अभियान के तहत मंगलवार को ग्वालियर शहर में जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक धर्मेन्द्र दीक्षित के नेतृत्व में नगर प्रस्फुटन समिति एवं स्कूली बच्चों की सहभागिता से तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे बच्चों और नागरिकों ने देशभक्ति के नारों के साथ वातावरण को राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत कर दिया।
इसी क्रम में जिले के विकासखंड भितरवार की विभिन्न ग्राम पंचायतों, भितरवार कस्बे तथा नगर आंतरी के विभिन्न वार्डों में भी जन अभियान परिषद के सहयोग से तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। इनमें ग्रामीणों और युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक मनोज दुबे ने राष्ट्रीय ध्वज की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान किया। तिरंगा यात्राओं ने जिले में एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश देते हुए यह भाव मजबूत किया कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से ग्वालियर जिले में स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को लेकर उत्सव और देशभक्ति का माहौल लगातार और अधिक सशक्त हो रहा है।

posted by Admin
20

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->