महाविद्यालयों व स्कूलों में निकली तिरंगा यात्राएं
ग्वालियर । “हर घर तिरंगा अभियान” के तहत जिले के स्कूलों, महाविद्यालयों एवं अन्य संस्थाओं में उत्साह व उमंग के साथ गतिविधियां आयोजित हो रहीं हैं। सोमवार को जिले के विभिन्न स्कूलों व संस्थाओं में तिरंगा यात्रा निकाली गई। साथ ही राष्ट्रीय ध्वज पर केन्द्रित अन्य कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। तिरंगा यात्रा में शामिल विद्यार्थियों एवं शिक्षकों सहित गणमान्य नागरिकों ने भारतीय आन-बान एवं शान के प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज को हाथों में थामकर उत्साह के साथ भाग लिया । वंदे मातरम्, भारत माता की जय एवं देश भक्ति के अन्य नारों का जयघोष करते हुए सभी को अपने-अपने घरों, कार्यालयों एवं प्रतिष्ठानों में तिरंगा लगाने का संदेश दिया। सोमवार को “हर घर तिरंगा अभियान” के तहत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रेलवे कॉलोनी, शासकीय विज्ञान महाविद्यालय, पीजीवी कॉलेज एनसीसी यूनिट, शासकीय हाईस्कूल अजयपुर, शासकीय हाईस्कूल तिघरा घाटीगांव, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरई, शासकीय प्राथमिक विद्यालय नजरपुरा सहित अन्य स्कूलों में आयोजन हुए। राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के तहत ग्वालियर जिले में भी 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है।