ग्वालियर | शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 01 मुरार के 450 एनसीसी कैडेट्स छात्र छात्राओं ने संस्था के प्राचार्य प्रबुद्ध गर्ग के नेतृत्व में घर घर तिरंगा, हर घर तिरंगा जागरूक रैली शहर के मुख्य मार्ग माल रोड, बाराहदरी चौक, सदर बाजार, काली माई संतर होते हुए विद्यालय प्रांगण में सम्पन्न हुई।
हर घर तिरंगा, घर घर तिरंगा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने से पूर्व संस्था के प्राचार्य प्रबुद्ध गर्ग ने सभी कैडेट्स, विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित किया। अपने प्रेरणादायी भाषण में उन्होंने निम्नलिखित प्रमुख बिंदुओं पर प्रकाश डाला। प्राचार्य ने बताया कि 'हर घर तिरंगा' केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को अपने देश के प्रतीक 'तिरंगे' से व्यक्तिगत रूप से जोड़ने की एक भावनात्मक पहल है। उन्होंने कैडेट्स की ऊर्जा की सराहना करते हुए कहा कि युवा देश की रीढ़ हैं। जब युवा हाथ में तिरंगा लेकर निकलते हैं, तो पूरे समाज में देशभक्ति का एक नया संचार होता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को फ्लैग कोड (Flag Code) के नियमों की जानकारी दी और समझाया कि तिरंगा फहराते समय और उसके बाद ध्वज की गरिमा व सम्मान का ध्यान रखना अनिवार्य है। प्राचार्य ने जोर दिया कि हमारा राष्ट्रीय ध्वज विविधता में एकता का प्रतीक है। हर घर पर तिरंगा लहराना देश की एकजुटता को दर्शाता है। रैली में एनसीसी अधिकारी एफओ धर्मपाल सिंह बघेल एस ओ राघवेंद्र प्रताप सिंह, प्रदीप शर्मा, प्रदीप उपाध्याय, डाॅ उमेश पाठक, डाॅ दीप्ती गौड, अनू परमार,सीमा गुप्ता, अजय उपाध्याय, सूरज माहौर, वर्षा देव सहित समस्त शिक्षक और स्टाफ उपस्थित रहा।