एमसीटीई, महू में स्वास्थ्य एवं कल्याण शिविर का आयोजन
लखनऊ, मिलिट्री कॉलेज ऑफ टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (MCTE), महू द्वारा 07 एवं 08 अगस्त 2026 को महिलाओं के लिए “समग्र – आर्मी वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (AWWA) की एक समग्र पहल” के अंतर्गत एक व्यापक स्वास्थ्य एवं कल्याण शिविर का आयोजन किया गया।
मिलिट्री कॉलेज ऑफ टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (MCTE), महू ने “द श्री अरबिंदो इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SAIMS)”, इंदौर के सहयोग से चिकित्सा शिविर आयोजित किया। इसमें 15 विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं 45 सहायक कर्मचारियों की टीम ने परिसर में रहने वाली बालिकाओं एवं महिलाओं को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, स्वास्थ्य जांच तथा रोगों से बचाव संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया। शिविर में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, मैमोग्राफी, सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग, नेत्र एवं दंत परीक्षण, ECG, ECHO तथा आवश्यक प्रयोगशाला जांच की सुविधाओं के साथ व्यक्तिगत चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीमती मीनाक्षी बख्शी, अध्यक्षI, फैमिली वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन (FWO), MCTE द्वारा पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। शिविर का लाभ सेवारत एवं पूर्व सैनिकों की पत्नियों, बेटियों एवं माताओं के साथ-साथ असैन्य महिलाओं ने भी उठाया। लाभार्थियों ने उपलब्ध कराई गई चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने हेतु AWWA एवं MCTE के प्रयासों की सराहना की।
इस पहल का उद्देश्य निवारक स्वास्थ्य देखभाल को बढ़ावा देना, बीमारियों की समय रहते पहचान सुनिश्चित करना तथा महिलाओं के स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। यह आयोजन MCTE में महिलाओं के समग्र कल्याण के प्रति AWWA की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करता है। शिविर से 400 से अधिक महिलाओं एवं बालिकाओं को लाभ प्राप्त हुआ।