झांसी रोड के शेष भाग का निर्माण शीघ्र प्रारंभ होगा, आश्वासन पर चेम्बर का आंदोलन दीपावली तक स्थगित
ग्वालियर| झांसी रोड के शेष भाग का निर्माण 03 दिवस में प्रारंभ करने की मांग को लेकर म.प्र. चेम्बर ऑफ कॉमर्स इण्डस्ट्री द्बारा जब आंदोलन की घोषणा की गई थी, उसके बाद प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट एवं ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इस विषय पर मुख्य अभियंता, कार्यपालन यंत्री, पीडब्ल्यूडी को निर्माण कार्य के संबंध में निर्देश दिये| उसके बाद पीडब्ल्यू अधिकारियों का संवाद लगातार MPCCI पदाधिकारियों से हुआ और यह आश्वासन दिया गया कि दीपावली के त्यौहार को ध्यान में रखते हुये इसकी रूपरेखा तय कर, शीघ्र यह कार्य प्रारंभ किया जायेगा|
चेम्बर अध्यक्ष-डॉ. प्रवीण अग्रवाल, संयुक्त अध्यक्ष-सुरेश बंसल, उपाध्यक्ष-संदीप नारायण अग्रवाल, मानसेवी सचिव-दीपक अग्रवाल, मानसेवी संयुक्त सचिव-दीपक पमनानी एवं कोषाध्यक्ष-मनोज अग्रवाल ने बताया है कि झांसी रोड के शेष भाग के निर्माण विषय पर आज ‘चेम्बर भवन’ में आयोजित कार्यकारिणी समिति की बैठक में विचार हुआ| विचार उपरांत प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट एवं ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के निर्देश के बाद अधिकारियों द्बारा जो आश्वासन दिया गया है कि इसका निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ हो जायेगा| इस बात को मानते हुये कार्यकारिणी समिति ने निर्णय लिया कि दीपावली के 8 दिन बाद अगर कार्य प्रारंभ नहीं हुआ तो एक बड़ा आंदोलन खड़ा किया जायेगा, तब तक आंदोलन को स्थगित किया गया है|