- तैयारियों को लेकर अपेक्स प्रशासक महेन्द्र सिंह यादव ने बैठक ली
ग्वालियर। भगवान बलराम जयंती एवं किसान दिवस की तैयारियों को लेकर सिटी सेंटर स्थित ओहदपुर यशोदा रेसीडेंसी कार्यालय पर नंदलाल बाल कल्याण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 2 सितंबर को बलराम जयंती के साथ ही किसान दिवस मनाया जाए। कार्यक्रम बेहट में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर किसानों का सम्मान एवं कवि सम्मेलन भी होगा।
बैठक में मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) प्रशासक महेन्द्र सिंह यादव ने कहा कि समिति वर्ष 2006 से भगवान बलराम जन्मोत्सव को किसान दिवस के रूप में मनाती आ रही है। इस वर्ष मुख्य कार्यक्रम 2 सितंबर को सुबह 10 बजे ग्राम बेहट कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित होगा, जिसमें उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों का सम्मान एवं कवि सम्मेलन होगा। श्री यादव ने बताया कि भगवान बलराम किसानों के आराध्य एवं हल के प्रतीक हैं। प्रदेश सरकार ने इस वर्ष को किसान कल्याण वर्ष घोषित किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आह्वान पर 26 अगस्त को डबरा में भी शासकीय बलराम महोत्सव आयोजित होगा। बैठक में रूप सिंह राजपूत, संजय यादव, बाबू सिंह गुर्जर, नारायण सिंह बघेल सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।