स्वच्छता प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारीः अपर आयुक्त राव
ग्वालियर। नगर निगम द्वारा अगस्त माह में आयोजित किए जा रहे स्वच्छ स्कूल कंपटीशन के अंतर्गत आगामी 1 सितंबर को आयोजित होने वाले क्विज एवं डिबेट कंपटीशन की तैयारियों को लेकर बुधवार को अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उपायुक्त मुकेश बंसल, मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉ. वैभव श्रीवास्तव, सहायक खेल अधिकारी सुश्री विजेता सिंह चैहान उपस्थित थे।
अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने निर्देशित किया कि स्वच्छ स्कूल कंपटीशन में अधिक से अधिक विद्यालयों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। इसके लिए विद्यालयों से निरंतर संपर्क कर उन्हें प्रतियोगिता की जानकारी दी जाए तथा शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को स्वच्छता अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराते हुए जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने से वे अपने परिवार, अभिभावकों एवं आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित कर सकते हैं। बैठक में संबंधित अधिकारियों ने क्विज एवं डिबेट कंपटीशन के आयोजन की तैयारियों, विद्यालयों की सहभागिता तथा विद्यार्थियों को प्रतियोगिता से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।