ग्वालियर । शहर जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग द्वारा कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में म.प्र. कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक डॉ. सतीश सिकरवार ने की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा, शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव, ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रभुदयाल जौहरे, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति सिंह, महेश मधुरिया, बृजेश धानुक, राजेन्द्र सिंह जाटव, ब्लाॅक अध्यक्षगण, पार्षदगण मौजूद रहे। कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन शहर जिला अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष एवं पार्षद केदार सिंह बराहदिया द्वारा किया गया।
कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने कहा कि यह सिर्फ एक कार्यकर्ता सम्मेलन नहीं है, बल्कि यह सामाजिक न्याय के योद्धाओं का महाकुंभ है। कांग्रेस का इतिहास ही अनुसचित जाति समाज के साथ का इतिहास है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को संविधान सभा में लाने का काम कांग्रेस ने किया। आरक्षण की व्यवस्था कांग्रेस की देन है। जब-जब संविधान पर हमला हुआ है, कांग्रेस ढाल बनकर खड़ी हुई है। आप सभी यहाँ से जाकर एक-एक घर में जाइए। लोगों को बताइए कि कांग्रेस ही एकमात्र पार्टी है जो आपके बच्चों के भविष्य को सुरक्षित रख सकती है। अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि संगठन ही सर्वोपरि है और प्रत्येक कार्यकर्ता को सम्मान दिलाना उनकी प्राथमिकता है। कार्यकर्ता सम्मेलन में विधायक डाॅ. सतीश सिकरवार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा बाबा साहेब के संविधान और उनके विचारों पर चलने वाली पार्टी है। आज अनुसूचित जाति समाज के बिना कांग्रेस अधूरी है। राहुल गांधी जी और प्रदेश नेतृत्व ने हमेशा SC समाज को सम्मान दिया है। मैं आप सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान करता हूँ कि बूथ स्तर तक जाकर संगठन को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में दलितों पर अत्याचार बढ़ा है, कांग्रेस ही एकमात्र पार्टी है जो आरक्षण और संविधान की रक्षा कर सकती है। कार्यकर्ता सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि आज लड़ाई आरक्षण बचाने की है। आज भाजपा सरकार में पूरे प्रदेश में दलित समाज पर अत्याचार हो रहा है। नौकरियों में बैकलॉग भरा नहीं जा रहा, छात्रवृत्ति नहीं मिल रही, संविधान को बदलने की साजिश हो रही है। लेकिन मैं आपको विश्वास दिलाता हूँ, जब तक राहुल गांधी जी हैं, और जब तक कांग्रेस है, कोई भी संविधान को हाथ नहीं लगा सकता।