सीवर संधारण में लापरवाही पर निगमायुक्त सख्तः अधीक्षण यंत्री को नोटिस
ग्वालियर । निगम आयुक्त संघ प्रिय ने शहर की सीवर संधारण व्यवस्था को निगम द्वारा संचालित करने में हो रही देरी और धीमी कार्यवाही पर कड़ा रुख अपनाया है। साप्ताहिक समीक्षा बैठक के दौरान निगमायुक्त ने असंतोष जताते हुए अधीक्षण यंत्री (पीएचई) एस.एल. बाथम को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुविधा से जुड़ी इस व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में जब निगमायुक्त संघ प्रिय ने सीवर संधारण के लिए तैनात किए जाने वाले 321 कर्मचारियों का वार्ड-वार विभाजन और चिन्हित वार्डों में व्यवस्था शुरू करने की रिपोर्ट मांगी, तो अधिकारी स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। अधिकारियों की इस तैयारी पर नाराजगी जताते हुए निगमायुक्त ने उन्हें कड़ी फटकार लगाई और 1 घंटे के भीतर पूरी जानकारी उपलब्ध कराने का अल्टीमेटम दिया। सीवर संधारण के साथ-साथ बैठक में शहर की पेयजल आपूर्ति की भी समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने तिघरा जलाशय में पानी की वर्तमान उपलब्धता तथा विगत वर्षों में जल स्तर की स्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, जल प्रदाय और सीवर कार्य में लापरवाही बरतने वाले उपयंत्रियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के प्रस्ताव तैयार करने के आदेश दिए। बैठक में अधीक्षण यंत्री पीएचई एस.एल. बाथम, कार्यपालन यंत्री महेंद्र प्रसाद अग्रवाल, प्रवीण दीक्षित, शिशिर श्रीवास्तव, सहायक यंत्री रामसेवक शाक्य तथा श्रीमती ज्योति दोहरे सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।