ग्वालियर । ग्वालियर संगीत व शौर्य की धरा है। ग्वालियर में शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा रही है। संगीत का आधार भक्ति है। भक्ति के बिना शास्त्रीय संगीत अधूरा होता है। शास्त्रीय संगीत संप्रदायों से भी ऊपर है। इस आशय के विचार राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया ने राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय के 19वे स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुये व्यक्त किए।
बुधवार को संगीत एवं कला विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित हुए स्थापना दिवस समारोह में राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष पवैया ने कहा कि दुनिया के ज्यादातर देश भू-राजनैतिक राष्ट्र हैं। पर अपना देश भू-सांस्कृतिक राष्ट्र है। यही कारण है कि एक हजार साल के कठिन संघर्ष के बावजूद हमारी संस्कृति व कला ने भारत को जीवित रखा। समारोह के अध्यक्ष पवैया ने राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय में स्थापना दिवस समारोह के उपलक्ष्य में लगाई गई कला प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि यहां आकर ऐसा अनुभव हो रहा है कि हम सब किसी कला के मंदिर में खड़े हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि यह विश्वविद्यालय निश्चित ही देश की सांस्कृतिक धरोहर बनेगा। साथ ही भरोसा दिलाया कि सभागार के निर्माण सहित विश्वविद्यालय के सम्पूर्ण विकास में उनकी ओर से हर संभव सहयोग मिलेगा। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि जीवाजी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजकुमार आचार्य ने कहा कि भले ही आज मोबाइल फोन का युग है, लेकिन संगीत का युग हमेशा रहेगा। हर समस्या का समाधान संगीत में छिपा है। व्यक्ति कितना भी तनाव में क्यों न हो, संगीत की मधुर धुन उसे मानसिक शांति प्रदान करती है।
विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. स्मिता सहस्त्रबुद्धे ने विश्वविद्यालय का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन व सरस्वती वंदना के साथ हुआ। आरंभ में जयभान सिंह पवैया सहित अन्य अतिथियों ने ललित कला संकाय के विद्यार्थियों द्वारा लगाई गई कला प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में चित्रों के माध्यम से देश की कला और सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत किया गया। अतिथियों ने विश्वविद्यालय के पुस्तकालय का उदघाटन भी किया।कार्यक्रम में पूर्व मंत्री ध्यानेन्द्र सिंह, विश्वविद्यालय कार्य परिषद के सदस्य चंद्रप्रताप सिंह सिकरवार, अपर संचालक उच्च शिक्षा डॉ. कुमार रत्नम, विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. आशुतोष खरे, कनवर मंगलानी, धीरेन्द्र चंदेल, विद्या परिषद सदस्य अशोक आनंद, छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. पारुल दीक्षित, डॉ. अंजना झा, डॉ. मनीष करवड़े, डॉ. हिमांशु द्विवेदी, डॉ. संजय सिंह व डॉ. गौरी प्रिया सहित विश्वविद्यालय के गुरुजन, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में कला रसिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम में वाद्यवृंद की प्रस्तुति “पावस ऋतु” ने भी संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्वर वाद्य विभागाध्यक्ष डॉ. श्याम रस्तोगी की रचना पर 20 कलाकारों ने स्वर और अवनद्ध वाद्यों का सामूहिक समन्वय प्रस्तुत किया।