कैंसर हॉस्पिटल एवं रिसर्च इंस्टीट्यूट में स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य आयोजन
जन विकास न्यास के **कैंसर हॉस्पिटल एवं रिसर्च इंस्टीट्यूट (CHRI), ग्वालियर, SSIMS ग्वालियर, P.G. कॉलेज ऑफ नर्सिंग, ग्वालियर एवं कॉलेज ऑफ लाइफ साइंसेज** के निदेशकों, सभी चिकित्सकों, अधिकारियों, नर्सिंग स्टाफ एवं समस्त कर्मचारियों द्वारा आज दिनांक **15.08.2026 (शनिवार)** को**80वाँ स्वतंत्रता दिवस** हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ **SSIMS में ध्वजारोहण** के साथ हुआ। इसके पश्चात CHRI में तिरंगा फहराया गया तथा परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण के बाद भव्य परेड आयोजित की गई। परेड के पश्चात छात्र-छात्राओं द्वारा पी.टी. का शानदार प्रदर्शन किया गया। परेड में विद्यार्थियों की चार प्लाटूनों ने भाग लिया, जिनमें **रानी लक्ष्मीबाई हाउस, भगत सिंह हाउस, रानी दुर्गावती हाउस एवं आजाद हाउस** शामिल थे। इसके अतिरिक्त एक प्लाटून में सुरक्षा कर्मियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर प्रो. अविनाश तिवारी (पूर्व कुलपति, जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर) और उनके सुपुत्र को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए
इस अवसर पर **CHRI के निदेशक डॉ. बी.आर. श्रीवास्तव** ने अपने उद्बोधन में स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को स्मरण करते हुए कहा कि आजादी के समय अंग्रेज भारत की लगभग 30 प्रतिशत अर्थव्यवस्था को 3 प्रतिशत पर छोड़कर गए थे और आज हमारा देश विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि **श्री शीतला सहाय जी के बलिदान और उनके महान योगदान के कारण ही जन विकास न्यास के ये चारों संस्थान आज निरंतर रोगियों की सेवा कर रहे हैं।** उन्होंने बताया कि CHRI और SSIMS आज एक ब्रांड के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं और इसके पीछे संस्थान के डॉक्टरों, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ, तकनीशियनों, हाउसकीपिंग स्टाफ तथा सुरक्षा कर्मियों सहित प्रत्येक कर्मचारी का महत्वपूर्ण योगदान है।
डॉ. श्रीवास्तव ने छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए सभी को धन्यवाद दिया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि आप सभी ने अनेक उपलब्धियाँ हासिल की हैं, जिनके बारे में वे आगामी अवसरों पर विस्तार से बताएँगे, ताकि सभी विद्यार्थी निरंतर गौरवान्वित महसूस करें।
**डॉ. नीरज शर्मा** ने अपने उद्बोधन में सभी से अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने सभी से अपनी जिम्मेदारियों का धर्मपूर्वक निर्वहन करते हुए जन विकास न्यास को आगे बढ़ाने और राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने की अपील की।
इस अवसर पर **डॉ. डिंकी अरोड़ा** को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए **प्रदेश सरकार एवं जन विकास न्यास की ओर से गोल्ड मेडल** से सम्मानित किया गया।
इसके पश्चात रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी गई। सर्वप्रथम **द्वितीय सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं** ने पिरामिड फॉर्मेशन के साथ अनेक शानदार एरोबिक्स प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
इसके बाद द्वितीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों के एक अन्य दल ने **देशभक्ति से ओत-प्रोत एक प्रभावशाली स्किट** प्रस्तुत की। द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा **कुमारी अशिका श्रीवास्तव** ने *“आजादी की कीमत”* शीर्षक से भावपूर्ण कविता प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के अंत में **डॉ. आलोक पुरोहित सर** ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत कर दिया।
समूचा कार्यक्रम देशभक्ति, उत्साह और गौरव की भावना से सराबोर रहा तथा सभी ने स्वतंत्रता दिवस को पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया।