सनवैली परिसर में स्वतंत्रता दिवस का भव्य आयोजन हुआ
सनवैली परिसर में इस वर्ष का स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास और गौरव के वातावरण में मनाया गया। सुबह की ठंडी हवाओं के बीच देशभक्ति का जज्बा हर चेहरे पर साफ झलक रहा था। परिसर के सेंट्रल गार्डन में सुबह ठीक 9.30 बजे कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज के वंदन से हुई, जिसके बाद पूरे परिसर में गूंजते “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों ने माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। राष्ट्रीय गान के दौरान सभी रहवासी एक साथ खड़े होकर भावविभोर हो गए। कार्यक्रम का संचालन गिरीश अग्रवाल ने बड़े ही जोश और प्रभावी शैली में किया, जिससे पूरा आयोजन अनुशासित और जीवंत बना रहा। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यकारी अध्यक्ष पंकज बंसल ने की, जिन्होंने आयोजन की सफलता के लिए सभी रहवासियों का मनोबल बढ़ाया और एकजुटता का संदेश दिया। जे पी भट्ट जी (सेवानिवृत्त DSP, मध्यप्रदेश पुलिस) ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता के महत्व और इसकी रक्षा के संकल्प पर जोर दिया। उन्होंने अपने पुलिस सेवाकाल की साहसिक घटनाओ को भी साझा किया।
के के मेहरोत्रा ने कहा कि स्वतंत्रता का असली अर्थ केवल स्वतंत्र होना नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक बनना है, जो देश, समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बने। बच्चों एवं महिलाओं व पुरुषों द्वारा देशभक्ति गीत, और भाषण की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का दिल जीत लिया। महिलाओं ने रंग-बिरंगी वेशभूषा में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर वातावरण को और भी उल्लासमय बना दिया। सभी ने कविताएं और गीत सुनाकर सभी को भावुक कर दिया। अच्छा कार्य करने वाले सुरक्षा सुपरवाइजर पूनम राजावत को पुरस्कृत भी किया गया ।
RWA की ओर से पंकज बंसल ने कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, संचालन टीम, RWA के सभी पदाधिकारी और समस्त रहवासियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से गिरीश अग्रवाल (संचालक एवं पूर्व अध्यक्ष), राजीव गुप्ता, केसी माखीजा, संजय वासवानी, श्रीमति अंजलि दुबे और पूरे आयोजन में सहयोग देने वाले सभी रहवासियों का धन्यवाद किया।