कलेक्टर श्रीमती चौहान एवं एसएसपी सिंह ने किया बिलौआ क्षेत्र की खदानों का निरीक्षण
ग्वालियर। उच्च न्यायालय ग्वालियर द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार डबरा अनुभाग क्षेत्र के बिलौआ में प्रतिबंधित की गई खदानों से उत्खनन एवं परिवहन न हो कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह एवं विभागीय अधिकारियों के साथ बिलौआ क्षेत्र की प्रतिबंधित की गई खदानों का निरीक्षण किया और विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उच्च न्यायालय द्वारा दिए गए निर्देशानुसार बिलौआ क्षेत्र में प्रबिंधित खदानों से किसी भी प्रकार का उत्खनन एवं परिवहन नहीं होना चाहिए। इसकी वस्तुस्थित पर भी निगरानी रखें। कलेक्टर के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा 8 चैकिंग प्वॉइंट भी स्थापित किए हैं। इसके साथ ही जिला प्रशासन द्वारा जांच दल भी गठित किए गए हैं। कलेक्टर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निरीक्षण के दौरान एडीएम सी बी प्रसाद, एसडीएम डबरा श्रीमती जूही गर्ग, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती भूमिजा सक्सेना, डिप्टी कलेक्टर अनिल राघव, जिला खनिज अधिकारी पंकजध्वज मिश्रा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।