ग्वालियर। ईको हेरिटेज हिल, ताल वाले हनुमान मंदिर के पास शनिवार को नगर निगम द्वारा पौधरोपण कर ईको हेरिटेज हिल का हरियाली से श्रृंगार किया गया। सुबह बड़ी संख्या में नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी, एवं आमजन ताल वाले हनुमान मंदिर पहुंचे वहां पर सभी ने एक पौधा मां के नाम अभियान के तहत 2500 पौधों का रोपण किया। नगर निगम अब रमौआ बांध पर बन रहे ई बस स्टैण्ड एवं प्रस्तावित डब्ल्यूटीपी के पीछे स्थित फॉरेस्ट की जमीन पर 7000 पौधों का रोपण करेगा।
एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत नगर निगम द्वारा पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत शनिवार को कलेक्ट्रेट पहाड़ी के पीछे स्थित ईको हेरिटेज हिल, तालवाले हनुमान मंदिर पर सुबह पौधरोपण अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत मंदिर परिसर क्षेत्र में पूर्व से पौधरोपण के लिए नगर निगम द्वारा गड्ढे कराए गए थे। शनिवार को अपर आयुक्त प्रदीप तोमर, पार्क अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान, सहायक खेल अधिकारी सुश्री विजेता सिंह, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर पवन दीक्षित एवं प्रमोद धनेले सहित मदाखलत एवं पार्क विभाग सहित आईईसी टीम के सदस्य, आमजन बड़ी संख्या में ताल वाले हनुमान मंदिर पहुंचे। वहां पर सभी ने छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया। रमौआ बांध के पीछे फॉरेस्ट की जमीन है, जहां पर नगर निगम द्वारा 7000 पौधों का जल्द ही रोपण किया जाएगा। फॉरेस्ट क्षेत्र में होने के कारण यहां पर पौधों की रक्षा हो सकेगी।