घाटीगांव में लगा पहला जन-विश्वास शिविर, एक दर्जन से अधिक बुजुर्गों को व्हीलचेयर सहित अन्य सहायता उपकरण सौंपे
ग्वालियर । जिला स्तर से शुक्रवार को लगभग 60 अधिकारी एक साथ मैदान में उतरे। इन अधिकारियों ने विकासखंड घाटीगांव के विभिन्न गाँवों में पहुँचकर 114 शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया। साथ ही स्थानीय जन-समुदाय से संवाद कर उनकी अपेक्षाओं, समस्याओं व चुनौतियों को जाना और निराकरण का भरोसा दिलाकर सरकार के प्रति जनविश्वास को और मजबूत किया। इसके बाद सभी अधिकारी घाटीगांव पहुँचे और यहां आयोजित जिला स्तरीय शिविर के माध्यम से जन समस्याओं का निराकरण किया। मौका था “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के शुभारंभ दिवस का । इस अभियान के तहत घाटीगांव के यह जन-विश्वास शिविर लगाया गया था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर सम्पूर्ण प्रदेश के साथ ग्वालियर जिले में भी जनता से सीधा संवाद व जुड़ाव स्थापित कर समस्याओं का शतप्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू हुआ है।
सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर सफलतापूर्वक अपने-अपने उद्यम चला रहे घाटीगांव क्षेत्र के उद्यमियों ने इस अवसर पर अपनी सफलता के प्रेरणादायी अनुभव साझा किए। साथ ही सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ भी वितरित किए। जन-विश्वास शिविर के साथ-साथ नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। शिविर में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान की पहल पर विशेष रूप से मेडीकल बोर्ड भी बिठाया गया था। मेडीकल बोर्ड की अनुशंसा के आधार पर दिव्यांगजनों के मौके पर ही दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनवाए गए। विकासखंड मुख्यालय घाटीगांव में “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत आयोजित हुए जिले के पहले जिला स्तरीय शिविर में लगभग 150 लोगों द्वारा आवेदन देकर अपनी समस्यायें दर्ज कराई गईं। विधायक मोहन सिंह राठौर, जनपद पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती वर्षा रावत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, अपर कलेक्टर अनिल बनवारिया, वन मण्डलाधिकारी मुकेश पटेल एवं एसडीएम श्रीमती वंदना जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कराया। सभी आवेदनों को सीएम हैल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज किया गया है, जिससे उनके निराकरण की नियमित समीक्षा हो सके।
विधायक मोहन सिंह राठौर ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत सभी विभागों के अधिकारियों को मैदान में उतारकर जन समस्याओं के वास्तविक निराकरण की पहल की है। उन्होंने शिविर में मौजूद लोगों से प्रधानमंत्री द्वारा समाज को नशा मुक्त बनाने के लिये चलाए जा रहे अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने जानकारी दी कि पुलिस द्वारा घाटीगांव क्षेत्र में लंबित सीएम हैल्पलाइन की 50 में से 47 शिकायतों का निराकरण “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत कराया है। शिविर स्थल पर सभी विभागों के अलग-अलग काउण्टर बनाए गए थे। साथ ही लोगों की शिकायतें दर्ज करने के लिये अलग से एक विशेष काउण्टर भी लगाया गया था। जिला पंचायत सीईओ श्री सोजान सिंह रावत ने सभी काउण्टरों पर पहुँचकर निराकरण की जानकारी ली। शिविर में विधायक मोहन सिंह राठौर वयोश्री योजनाओं के तहत एक दर्जन से अधिक बुजुर्गों को व्हीलचेयर सहित अन्य सहायता उपकरण सौंपे। इसी तरह 9वी कक्षा में पहुँचे सात बच्चों को सरकार की ओर से साइकिल उपलब्ध कराई गईं। शिविर में इसके अलावा उद्योग विभाग की योजनाओं के तहत युवा उद्यमियों को उद्यम क्रांति योजना के तहत औद्योगिक इकाई स्थापित करने के लिये सहायता राशि के चैक एवं वृद्धजनों को वृद्धावस्था पेंशन सहित सरकार की अन्य योजनाओं के तहत हितलाभ वितरित किए गए।