काकाजी के विचार देते है जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणाः विधानसभा अध्यक्ष तोमर
- स्व. नारायण कृष्ण शेजवलकर को शहरवासियों ने दी पुष्पांजलि
ग्वालियर। काकाजी स्व. नारायण कृष्ण शेजवलकर का उन्हें मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है, उनके सानिध्य में रहकर उन्होंने संगठन एवं सार्वजनिक जीवन में कार्य करने की कला सीखी है। स्व. नारायण कृष्ण शेजवलकर के विचार जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। यह बात विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने पूर्व सांसद एवं पूर्व महापौर स्व. नारायण कृष्ण शेजवलकर की 103वीं जयंती पर नगर निगम मुख्यालय स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुये कहीं। इस अवसर पर प्रसिद्ध भजन गायक पीयूष ताम्बे एवं सुश्री प्रतीक्षा तांबे ने भजनों के माध्यम से भजनांजली अर्पित की।
नारायण कृष्ण शेजवलकर प्रशासनिक भवन सिटी सेंटर में पूर्व महापौर स्व. नारायण कृष्ण शेजवलकर की 103वीं जयंती पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने स्व. नारायण कृष्ण शेजवलकर को याद करते हुए कहा कि मैं उन सौभाग्यशाली लोगों में से हूं जिन्हें राजनीतिक जीवन के प्रारंभिक समय में काकाजी का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है। काकाजी का पूरा जीवन हम सभी को प्रेरणा देता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं के जीवन को गढने का कार्य किया तथा कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाया और सम्मान दिया। उन्होंने ही हमें सिखाया है कि एक छोटे कार्यकर्ता को बडे दायित्व पर रहकर कैसे सम्मान किया जाता है। उन्होंने ही हमें सिखाया है कि संगठन में हमें समस्या नहीं समाधान बनकर कार्य करना चाहिए। काकाजी के व्यक्तित्व व कृतित्व से हम सभी को सरलता एवं सादगी से जीवन की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम में पूर्व संगठन मंत्री वेदप्रकाश शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ता को किस प्रकार तैयार किया जाता है, यह हमें काकाजी से सीखना चाहिए। उन्होंने कहा कि काकाजी ने हमेशा कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने का कार्य किया। उनका सार्वजनिक जीवन सादगी, सरलता से भरा हुआ था। वह हमेशा आमजनों और कार्यकर्ताओं के लिए संघर्ष करते थे।
कार्यक्रम में नगर निगम मुख्यालय परिसर में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने काकाजी स्व. नारायण कृष्ण शेजवलकर की स्मृति में पौधारोपण किया। कार्यक्रम में भजन गायक पियूष ताम्बे एवं सुश्री प्रतीक्षा ताम्बे ने कभी-कभी भगवान को भी भक्तों से काम पड़े, मनवा रे जीवन है संग्राम एवं ओ पालनहारे, भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रोताओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। इस अवसर पर उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, गोपीकृष्ण नेमा, मेला प्राधिकरण अध्यक्ष अशोक जादौन, ग्वालियर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष मधुसुदन सिंह भदौरिया, नेता प्रतिपक्ष हरिपाल, पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा, ध्यानेन्द्र सिंह, पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता, वरिष्ठ नेता गजेन्द्र गडकर, वेदप्रकाश शर्मा, अभय चौधरी, कमल माखीजानी, श्रीमती खुशबू गुप्ता, सतीश बोहरे, हरीश मेवाफरोश, सुधीर गुप्ता, निगम आयुक्त संघ प्रिय सहित बडी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं शहर के नागरिकगणों ने स्व. शेजवलकर को पुष्पांजलि अर्पित की।