गुरु पूर्णिमा महोत्सव पर गुरु महिमा से गुंजायमान
दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान (डीजेजेएस) द्वारा लोटस गोल्डन गार्डन, ग्वालियर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर अपने सद्गुरु के प्रति कृतज्ञता एवं श्रद्धा भाव अर्पित किया तथा आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया। संपूर्ण वातावरण भजन-कीर्तन, गुरु महिमा के गुणगान एवं दिव्य आध्यात्मिक प्रवचनों से भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर दिव्य गुरु श्री आशुतोष महाराज जी के शिष्य स्वामी तेजोमयानंद जी ने गुरु पूर्णिमा के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि गुरु के प्रति समर्पण, कृतज्ञता एवं आत्मचिंतन का दिव्य अवसर है। पूर्ण सतगुरु ही साधक के जीवन से अज्ञान, अहंकार एवं विकारों का नाश कर उसे आत्मज्ञान एवं ईश्वर प्राप्ति के मार्ग पर अग्रसर करते हैं। उन्होंने बताया कि पूर्ण सतगुरु द्वारा प्रदत्त दिव्य ज्ञान "ब्रह्मज्ञान" के माध्यम से ही साधक अपने अंतर्मन में विराजमान परमात्मा का प्रत्यक्ष अनुभव कर सकता है। आध्यात्मिक प्रवचनों में यह भी बताया गया कि दुर्लभ मानव जीवन का वास्तविक उद्देश्य केवल सांसारिक उपलब्धियाँ प्राप्त करना नहीं, बल्कि दिव्य ज्ञान प्राप्त कर परमात्मा का साक्षात्कार करना है। यदि मनुष्य इस अमूल्य मानव जीवन को प्राप्त करके भी ईश्वर भक्ति एवं आत्मकल्याण का प्रयास नहीं करता, तो उसका जीवन व्यर्थ चला जाता है। श्रद्धालुओं को प्रेरित करते हुए स्वामी ने कहा कि गुरु पूर्णिमा का वास्तविक उत्सव तभी सार्थक होता है, जब शिष्य गुरु के उपदेशों को अपने जीवन में उतारते हुए भक्ति, ध्यान एवं निस्वार्थ सेवा का मार्ग अपनाए। महापुरुषों का जीवन त्याग, वैराग्य, करुणा एवं लोककल्याण का प्रेरणास्रोत है। पूर्ण गुरु के मार्गदर्शन में चलकर प्रत्येक साधक आत्मोन्नति करते हुए परमात्मा की प्राप्ति की दिशा में अग्रसर हो सकता है। गुरु पूर्णिमा महोत्सव का समापन सामूहिक ध्यान-साधना, गुरु वंदना, आरती एवं प्रसाद-भंडारे के साथ हुआ। उपस्थित श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित करते हुए मानवता के कल्याण एवं विश्व शांति की प्रार्थना की।सोशल मीडिया डेस्क के मध्य से लोगों को जागरूक किया गया, की वे किस प्रकार सोशल मीडिया की उपियोग करके सत्संग,भजन घर बैठे सुन सकते है। गुरु पूजा के पावन अवसर पर श्री जे. पी. मुद्गल जी(वरिष्ठ नेता, BJP), श्री मुन्नालाल गोयल जी(पूर्व विधायक), श्री अजय भाजपाई जी(वरिष्ठ वास्तुकार इंजीनियर') अतिथि के रूप मे उपस्थित रहें।