ग्वालियर में हर घर तिरंगा अभियान पूरी गरिमा और भव्यता के साथ आयोजित हो: तुलसीराम सिलावट
ग्वालियर। प्रदेश में “हर घर तिरंगा” अभियान 9 से 17 अगस्त तक चलाया जायेगा। राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के जश्न को इस अभियान के साथ जोड़कर मनाया जायेगा। सम्पूर्ण प्रदेश की तरह ग्वालियर जिले में भी “हर घर तिरंगा” अभियान पूरी गरिमा और भव्यता के साथ आयोजित हो, इसके लिये सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने गुरुवार को गूगल मीट के माध्यम से हर घर तिरंगा अभियान, मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान एवं एक पेड़ माँ के नाम अभियान के संबंध में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा की। उन्होंने प्रदेश के इन तीनों अभियानों को ग्वालियर जिले में पूर्ण गरिमा और वैभवता के साथ मनाने की बात कही।
हर घर तिरंगा अभियान, मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान एवं एक पेड़ माँ के नाम अभियान की तैयारियों के लिये गूगल मीट के माध्यम से की गई समीक्षा बैठक में प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, नगर निगम सभापति मनोज तोमर, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, सीईओ जिला पंचायत सोजान सिंह रावत सहित जिले के विभागीय अधिकारी शामिल हुए। प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप सम्पूर्ण प्रदेश की तरह ग्वालियर जिले में भी हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगे की थीम पर प्रदर्शनी, रंगोली, साइकिल रैली, तिरंगा यात्रा, तिरंगा प्रश्नोत्तरी जैसे विभिन्न आयोजन पूरी गरिमा के साथ किए जाएं। उन्होंने कहा कि इस अभियान को जिले में जन आंदोलन बनाया जाए। प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि ग्वालियर जिले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा अनुरूप हर घर तिरंगा अभियान, मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लिये एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत बेहतर कार्य किया जायेगा। इसके लिये जिले की पूरी टीम कार्ययोजना बनाकर कार्य करे। इ समीक्षा बैठक में निगम सभापति मनोज तोमर ने कहा कि शहरी क्षेत्र में नगर निगम के सभी पार्षदों के साथ अभियानों में बढ़-चढ़कर भागीदारी की जायेगी। सभी वार्डों में हर घर तिरंगा अभियान के तहत रैलियों का आयोजन और हर घर तिरंगा पहुँचाने का कार्य भी किया जायेगा।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट को आश्वस्त किया कि ग्वालियर जिले में हर घर तिरंगा अभियान के आयोजन के लिये सभी तैयारियां कर ली गई हैं। शहरी तथा ग्रमीण क्षेत्र में हर घर तिरंगा अभियान के तहत विभिन्न आयोजन कर समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का कार्य किया जाएगा। निगम आयुक्त संघ प्रिय ने बताया कि शहरी क्षेत्र में हर घर तिरंगा अभियान, मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान और पर्यावरण संरक्षण के लिये सभी तैयारियां कर ली गई हैं। एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत नगर निगम द्वारा एक पहाड़ी का चयन कर वृहद वृक्षारोपण की कार्ययोजना भी तैयार की गई है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत ने भी प्रभारी मंत्री को आश्वस्त किया कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिले की सभी पंचायतों में रैलियों का आयोजन करने के साथ-साथ हर घर तिरंगा लगे, इसके लिये व्यापक तैयारियां की गई हैं।