प्रमुख बाजारों से अतिक्रमण हटाए: निगमायुक्त
ग्वालियर । शहर के प्रमुख बाजारों में ठेले एवं फुटपाथ कारोबारियों के कारण ट्रैफिक जाम रहता है, जिसके कारण आम जनों को परेशानी होती है। बाजारों में अभियान चलाकर यातायात को सुचारू करें। यह निर्देश निगम आयुक्त संघ प्रिय ने मदाखलत की समीक्षा बैठक में दिए।
निगम आयुक्त ने मदाखलत अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायल आवारा पशुओं की मदद के लिए संचालित किए गए टोल फ्री नंबर नियमित रूप से चालू रहे। उन्होंने मदाखलत अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह कितनी घायल गाय एवं कुत्तों को शहर से रेस्क्यू किया गया और उन्हें कहां पर भेजा गया इसकी विस्तृत जानकारी प्रतिदिन दी जाए। इसके साथ ही उन्होंने निर्देष दिए कि डिवाइडरों पर अतिक्रमण कर प्रचार प्रसार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही उन्होंने मदाखलत कर्मचारियों की संख्या आदि की जानकारी भी ली। बैठक में अपर आयुक्त प्रदीप तोमर, नोडल अधिकारी मदाखलत केशव चौहान, मदाखलत अधिकारी शैलेन्द्र चौहान, सतेन्द्र भदौरिया, रवि कोरी, शशिकांत शुक्ला सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।