जीडीए की नई आवासीय योजना शीघ्रः वेदप्रकाश शिवहरे
ग्वालियर। ग्वालियर विकास प्राधिकरण जल्दी ही आम लोगों के लिये नई आवासीय योजना लांच करेगा। इसमे विभिन्न श्रेणी के भूखंड हर प्रकार की आवासीय योजना में जरूरत के हिसाब से होंगे। यह भूखंड पूर्ण विकसित कालोनी में होंगे और रेरा सहित सभी विभागों के अनापत्ति प्रमाण पत्र के साथ होंगे, ताकि किसी भी हितग्राही को कोई दिक्कत नहीं हों।
उक्त जानकारी गुरूवार को ग्वालियर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष वेदप्रकाश शिवहरे ने अनौपचारिक चर्चा में दी। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण की दो नई आवासीय योजनायें लगभग जल्दी ही आ रही है और कुछ अन्य नई योजनाओं पर भी काम चल रहा है। शिवहरे ने कहा कि हम राज्य शासन और मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव की मंशानुरूप प्रत्येक व्यक्ति को आवास, भूखंड उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहे हैं। शिवहरे ने कहा कि प्राधिकरण में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की नियुक्ति के बाद कामकाज तेज हुआ है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं रोज प्राधिकरण में बैठकर आम हितग्राहियों की समस्यायें दूर करने में लगे हैं।