स्वच्छता में लापरवाही करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाईः निगमायुक्त
ग्वालियर। निगम की सभी कचरा संग्रहण गाड़ियां प्रतिदिन प्रत्येक वार्ड में नियमित रूप से पहुंचें तथा प्रतिदिन एकत्रित होने वाले कचरे का सटीक विवरण संधारित किया जाए। स्वच्छता में लापरवाही करने वाले कचरा संग्रहण वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह निर्देश निगम आयुक्त संघ प्रिय ने स्वच्छता, गौशाला एवं सीएनजी प्लांट से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक में दिए।
बैठक में निगमायुक्त संघ प्रिय ने जीपीएस आधारित मॉनिटरिंग के माध्यम से कचरा संग्रहण वाहनों की गतिविधियों का सत्यापन तथा एफसीटीएस प्लांट पर पहुंचने वाले कचरे की मात्रा का तुलनात्मक विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन कचरा संग्रहण वाहनों द्वारा पिछले 10 से 12 दिनों में कार्य में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब किया गया है, उनके चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्रतिदिन नियमित रूप से नाइट स्वीपिंग अभियान संचालित करने के भी निर्देश दिए गए। गौशाला की व्यवस्थाओं की समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने गौवंश के बेहतर उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक पत्राचार करने तथा पशुओं के नियमित चिकित्सकीय परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर आयुक्त टी प्रतीक राव, उपायुक्त मुकेश बंसल, सहायक नोडल शैलेन्द्र सक्सेना, भवन अधिकारी वीरेन्द्र शाक्य, सहायक यंत्री राजीव सिंघल, अजय शाक्यवार, अजय शर्मा मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉ. वैभव श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
नवीन यूनिपोल के टेंडर शीघ्र तैयार किए जायें
निगमायुक्त संघ प्रिय द्वारा ने विज्ञापन शाखा की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित कर माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों के पालन में अब तक की गई कार्रवाई एवं आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की। बैठक में निगम राजस्व वृद्धि के उद्देश्य से विज्ञापन संबंधी नवीन परियोजनाओं के टेंडर शीघ्र तैयार कर जारी किए जाने के निर्देश दिए गए। बैठक में माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में अवैध एवं अनाधिकृत यूनिपोल तथा होर्डिंग के विरुद्ध की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए बताया गया कि अब तक 44 अनाधिकृत यूनिपोल हटाए जा चुके हैं। इनमें 25 अनाधिकृत यूनिपोल, 16 फुटपाथ पर स्थापित यूनिपोल तथा 03 निजी भूमि पर स्थापित अनधिकृत यूनिपोल शामिल हैं। समीक्षा के दौरान यह भी बताया गया कि फुटपाथ पर स्थापित अतिरिक्त 06 यूनिपोल के संबंध में संबंधित फर्मों द्वारा आपत्तियां प्रस्तुत की गई थीं, जिनकी सुनवाई पूर्ण हो चुकी है। निगमायुक्त ने इन प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर आदेश जारी करने के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों का पूर्ण पालन सर्वोच्च प्राथमिकता पर सुनिश्चित किया जाए तथा अवैध विज्ञापन संरचनाओं के विरुद्ध नियमित, प्रभावी एवं पारदर्शी कार्रवाई निरंतर जारी रखी जाए। बैठक में अपर आयुक्त विज्ञापन टी प्रतीक राव, नोडल अधिकारी विज्ञापन अनूप लिटोरिया, सहायक नोडल अधिकारी विज्ञापन संस्कार पाठक, कार्यालय अधीक्षक शिवहरि शर्मा आदि उपस्थित रहे।