एबीवी-आईआईआईटीएम ग्वालियर एवं पीडीटीसी, एमपीएमकेवीवीसीएल भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन


*ग्वालियर, अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी एवं प्रबंधन संस्थान (एबीवी-आईआईआईटीएम), ग्वालियर द्वारा पावर डिस्ट्रीब्यूशन ट्रेनिंग सेंटर (पीडीटीसी), मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (एमपीएमकेवीवीसीएल), भोपाल के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम में एमपीएमकेवीवीसीएल, भोपाल के अभियंताओं एवं अधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए विद्युत वितरण क्षेत्र की नवीनतम तकनीकों एवं चुनौतियों पर विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतिम दिवस का शुभारंभ संस्थान के निदेशक प्रो. एस. एन. सिंह द्वारा “मूलभूत विद्युत एवं उसका विकास” विषय पर विशेष व्याख्यान से हुआ। उन्होंने विद्युत अभियंत्रण के विकास, वर्तमान परिदृश्य तथा भविष्य की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को नवाचार एवं सतत अधिगम के लिए प्रेरित किया। इसके पश्चात श्री शिवकुमार सिंह, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर द्वारा “यूआई-असिस्ट परियोजना के अंतर्गत कानपुर में फील्ड पायलट प्रदर्शन की स्थापना” विषय पर व्याख्यान दिया गया। उन्होंने स्मार्ट ग्रिड एवं उन्नत विद्युत वितरण प्रणालियों के क्षेत्र में किए जा रहे व्यावहारिक कार्यों तथा उनके क्रियान्वयन से संबंधित अनुभव प्रतिभागियों के साथ साझा किए। अगले तकनीकी सत्र में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान धारवाड़ के डॉ. सतीश नाइक ने ऑनलाइन माध्यम से “डीसी सुरक्षा प्रणाली : चुनौतियाँ, विकास एवं अवसर” विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने डीसी माइक्रोग्रिड, डीसी सर्किट ब्रेकर तथा विद्युत सुरक्षा से जुड़े उभरते अनुसंधान एवं तकनीकी विकास पर विस्तृत चर्चा की। दिवस के अंतिम तकनीकी सत्र में श्री शिवकुमार सिंह ने “भारत में स्मार्ट मीटरिंग : डिजिटल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम” विषय पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने स्मार्ट मीटरिंग की भूमिका, उपभोक्ता सेवाओं में सुधार, ऊर्जा प्रबंधन तथा विद्युत वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी एवं दक्ष बनाने में इसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
समापन सत्र में कार्यक्रम समन्वयक डॉ. वी. के. जैन ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए तीनों दिनों की गतिविधियों एवं प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख किया। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. एस. एन. सिंह ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए विद्युत क्षेत्र में निरंतर तकनीकी उन्नयन एवं ज्ञानार्जन के महत्व पर बल दिया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि श्री प्रेम राज पराशर, अतिरिक्त मुख्य अभियंता, एमपीएमकेवीवीसीएल, ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्युत वितरण क्षेत्र में कार्यरत अभियंताओं एवं अधिकारियों की दक्षता बढ़ाने तथा उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। अंत में डॉ. नीलेश यादव ने सभी अतिथियों, विशेषज्ञ वक्ताओं, प्रतिभागियों एवं आयोजन दल के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्युत वितरण क्षेत्र में कार्यरत अभियंताओं एवं अधिकारियों की तकनीकी क्षमता, कार्यकुशलता एवं व्यावसायिक दक्षता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा। यह जानकारी संस्थान की मीडिया प्रभारी दीपा सिंह सिसोदिया द्वारा प्रदान की गई है।

posted by Admin
11

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->