स्वच्छता के प्रति झांसी मंडल की सख्ती: वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर गंदगी फैलाने वालों से 65,200 जुर्माना वसूला

उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल द्वारा रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर एवं यात्रियों के लिए सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से निरंतर विशेष स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर अप्रैल माह के दौरान गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज, प्रतीक्षालय तथा रेल पटरियों के आसपास गंदगी फैलाने, प्लास्टिक एवं कचरा इधर-उधर फेंकने तथा स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 326 यात्रियों को पकड़ा गया। इन यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने एवं ऐसी गतिविधियों को हतोत्साहित करने के उद्देश्य से कुल ₹65,200 का जुर्माना वसूला गया।

रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों को लगातार यह संदेश दिया जा रहा है कि रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों की स्वच्छता बनाए रखना केवल रेलवे की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक यात्री की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ वातावरण न केवल यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करता है, बल्कि विभिन्न प्रकार की बीमारियों की रोकथाम में भी सहायक होता है।

झांसी मंडल द्वारा समय-समय पर स्टेशन परिसरों में स्वच्छता जागरूकता अभियान, उद्घोषणाओं, पोस्टरों एवं रेलवे कर्मचारियों के माध्यम से यात्रियों को स्वच्छता बनाए रखने हेतु प्रेरित किया जा रहा है। यात्रियों से अपील की जाती है कि वे कूड़ा-कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें तथा स्टेशन एवं ट्रेनों को स्वच्छ बनाए रखने में रेलवे प्रशासन का सहयोग करें।

रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध इसी प्रकार सघन अभियान एवं दंडात्मक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

posted by Admin
5

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->