महिला सफाई कर्मचारियों को घर के नजदीक मिले कार्यस्थल: अबधेश कौरव

- नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर उठाई महत्वपूर्ण मांग
ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर को स्वच्छता के क्षेत्र में प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के अग्रणी शहरों में शामिल करने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नगर निगम एमआईसी सदस्य एवं वार्ड-57 के पार्षद अबधेश कौरव ने नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर महिला सफाई कर्मचारियों की कार्य संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग की है। कौरव ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि नगर निगम की महिला सफाई संरक्षक प्रतिदिन सुबह 5 बजे से शहर को स्वच्छ रखने के लिए अपनी सेवाएं देती हैं। वर्तमान में अनेक महिला कर्मचारियों के कार्यस्थल उनके निवास स्थान से काफी दूर स्थित हैं, जिसके कारण उन्हें सुबह अत्यंत जल्दी घर से निकलना पड़ता है और कई बार उन्हें टेम्पों आदि साधन मिलने में भी परेषानी होती है इससे समय पर कार्यस्थल पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है तथा कई बार सफाई व्यवस्था भी प्रभावित होती है।
उन्होंने बताया कि कई महिला सफाई संरक्षकों ने उनके कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। महिलाओं की सुरक्षा, सुविधा एवं समयबद्ध कार्य निष्पादन को ध्यान में रखते हुए उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि महिला सफाई कर्मचारियों को यथासंभव उनके निवास स्थान से 2 किलोमीटर के दायरे में पदस्थ किया जाए। अबधेश कौरव ने कहा कि नगर निगम के सफाई मित्र शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यदि कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तो उनका मनोबल बढ़ेगा और सफाई व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी। उन्होंने कहा कि ग्वालियर को स्वच्छता के क्षेत्र में नंबर-1 बनाने के लिए प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को मिलकर कार्य करना होगा। सफाई मित्रों की समस्याओं का समाधान करना भी इसी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। नगर निगम के कर्मचारी प्रतिकूल परिस्थितियों में भी शहर को स्वच्छ रखने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं और उनका सम्मान तथा सुविधाएं सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसके साथ ही उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे स्वच्छ ग्वालियर के संकल्प में सहभागी बनें तथा अपने घरों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी और सफाई मित्रों की मेहनत के बल पर ग्वालियर निश्चित रूप से स्वच्छता में नई पहचान स्थापित करेगा।

posted by Admin
9

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->