श्रद्धालुओं के लिये पुख्ता व्यवस्थायें सुनिश्चित करें, रतनगढ़ माता मेले की तैयारियों को लेकर हुई अहम बैठक
ग्वालियर । रतनगढ़ मेला में जिले की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिये पूर्व के अनुभवों एवं हर परिस्थिति को ध्यान में रखकर पुख्ता व पर्याप्त व्यवस्थायें करें। ऐसी व्यवस्था बनाएं, जिससे श्रद्धालु सुविधाजनक तरीके से माँ रतनगढ़ व कुँअर बाबा के दर्शन कर क सकुशल लौट सकें। इस आशय के निर्देश दीपावली दौज पर सुप्रसिद्ध रतनगढ़ माता मंदिर में आयोजित होने जा रहे विशाल मेले की तैयारियों को लेकर आयोजित हुई बैठक में संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
ग्वालियर के प्रभारी कलेक्टर सोजान सिंह रावत एवं प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी की मौजूदगी में शुक्रवार को रतनगढ़ मेला परिसर में आयोजित हुई बैठक में कहा गया कि प्रत्येक व्यवस्था को गंभीरता से लें और जरा सी भी ढ़िलाई न हो। बैठक में एसडीएम ग्वालियर ग्रामीण श्रीमती मनीषा कौल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे। बैठक में कहा गया कि ग्वालियर जिले से बेहट एवं डबरा देवगढ़ की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिये पर्याप्त संख्या में पार्किंग बनाई जाएं। साथ ही हर पार्किंग पर पर्याप्त रोशनी, पेयजल, शौचालय इत्यादि की व्यवस्था की जाए। पार्किग के सांकेतिक चिन्ह जगह-जगह लगाये जाए ताकि श्रृद्धालुओं को पार्किग स्थल ढूडने में किसी समस्या का सामना ना करना पड़े। वन विभाग के अधिकारियों को सड़कों के किनारे की झाड़ियों की कटिंग कराने के निर्देश विशेष तौर पर दिए गए। एसडीएम ग्वालियर ग्रामीण श्रीमती मनीषा कौल ने बताया कि बैठक में यह भी निर्देश दिए कि ग्वालियर की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं की मदद के लिये कंट्रोल रूम स्थापित करें। दतिया जिले के कंट्रोल रूम से कॉन्टेक्ट नंबर साझा करें। इन कंट्रोल रूम पर बुनियादी सुविधाओं से जुड़े सभी विभागों के अधिकारी व आपदा प्रबंधन दल के कॉन्टेक्ट नंबर अवश्य रखे जाएं।