आम यात्री बनकर ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार; 35 बैग, लैपटॉप और 4 मोबाइल मिले
ट्रेनों में यात्रियों के सामान की चोरी करने वाले एक आरोपी को जीआरपी थाना ग्वालियर की पुलिस ने स्टेशन चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले चार से छह महीने से ट्रेनों के एसी कोच में सफर करने वाले यात्रियों के लगेज बैग चोरी कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के घर से करीब 35 बैग, एक लैपटॉप, चार मोबाइल और अन्य कीमती सामान सहित लगभग 8 लाख रुपए का माल बरामद किया है। आरोपी चोरी के बाद बैग लेकर इस तरह स्टेशन से बाहर निकल जाता था, जैसे वह सामान्य यात्री हो और अपना सामान लेकर जा रहा हो।
पुलिस के मुताबिक, यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान जीआरपी थाना ग्वालियर की टीम ने संदेह के आधार पर आरोपी को पकड़ा। पूछताछ और जांच में सामने आया कि वह लंबे समय से ट्रेनों में यात्रियों के सामान को निशाना बना रहा था। आरोपी खासतौर पर एसी कोच में रखे लगेज बैग चोरी करता था और फिर बिना किसी पर संदेह हुए स्टेशन से निकल जाता था। जीआरपी के डीएसपी कीर्ति सिंह नरवरिया ने बताया कि स्टेशन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को यह सफलता मिली। आरोपी के घर से करीब 35 बैग, एक लैपटॉप, चार मोबाइल और अन्य सामान बरामद किया गया है। बरामद माल की कीमत करीब 8 लाख रुपए आंकी गई है। निरीक्षक दिलीप समाधिया के अनुसार, आरोपी पहले एक फाइनेंस कंपनी में काम करता था। वहां आर्थिक नुकसान होने के बाद वह ट्रेन से यात्रा कर रहा था। इसी दौरान उसने एक यात्री का बैग उठा लिया। पहली बार चोरी करने के बाद उसे बैग में रखे सामान और नकदी से फायदा हुआ, तो वह दोबारा ऐसी वारदातें करने लगा। धीरे-धीरे उसने इसे जल्दी पैसा कमाने का जरिया बना लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी एसी कोच में यात्रियों के लगेज बैग पर नजर रखता था। मौका मिलते ही बैग उठाकर स्टेशन से बाहर निकल जाता था, जिससे किसी को उस पर शक नहीं होता था। शुरुआती जानकारी में आरोपी द्वारा 35 से 40 बैग चोरी करने की बात सामने आई है। पुलिस अब बरामद सामान के आधार पर चोरी की अन्य वारदातों और उनके वास्तविक मालिकों का पता लगाने में जुटी है।