ग्वालियर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की भगिनी संस्था राजयोग एज्युकेशन एण्ड रिसर्च फाउंडेशन के समाजसेवा प्रभाग द्वारा जे.ए. हॉस्पिटल ब्लड सेंटर के सहयोग से माधौगंज स्थित प्रभु उपहार भवन में विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान के अंतर्गत स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर प्रातः 9:30 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित हुआ। अभियान के अंतर्गत आगामी 23 एवं 24 अगस्त को भी इसी स्थान पर प्रातः 9:30 बजे से शाम 4 बजे तक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा।
ब्रह्माकुमारीज केंद्र प्रमुख बीके आदर्श दीदी ने विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान की जानकारी देते हुए कहा कि ब्रह्माकुमारीज संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका परम श्रद्धेय दादी प्रकाशमणि जी के पुण्य स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में पूरे देश में 21 से 25 अगस्त तक यह महाअभियान चलाया जा रहा है। जे.ए. हॉस्पिटल ब्लड सेंटर के मेडिकल ऑफिसर डॉ. राकेश बघेल ने रक्तदाताओं को रक्तदान के महत्व एवं इससे जुड़े स्वास्थ्य संबंधी पहलुओं की जानकारी दी तथा रक्तदान को लेकर प्रचलित भ्रांतियों को दूर किया। प्रतिष्ठित व्यवसायी पीतांबर लोकवानी ने कहा कि जब वे ब्रह्माकुमारीज संस्थान में आते हैं तो मन को शांति और सुकून मिलता है। जिला योजना समिति सदस्य आशीष प्रताप सिंह राठौड़ ने कहा कि रक्तदान करने से आंतरिक खुशी मिलती है। हमें जीवन में ऐसे अच्छे कार्य करने चाहिए, जिनसे हमें महसूस हो कि हमने समाज के लिए कुछ योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारीज संस्थान में ज्ञान और जीवन जीने की सकारात्मक सीख दी जाती है। यदि हम इन शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाएं तो हमारा जीवन अधिक शांतिपूर्ण, सुखी और बेहतर बन सकता है। यही सच्ची सेवा और समाज के प्रति हमारा योगदान है। स्थानीय पार्षद अनिल साँखला ने कहा कि उन्होंने स्वयं भी कई बार रक्तदान किया है। उनका मानना है कि रक्तदान से बढ़कर मानव सेवा का कोई दूसरा कार्य नहीं हो सकता। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ राजयोग प्रशिक्षक बीके प्रहलाद भाई ने किया। अंत में उपस्थित रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक स्वैच्छिक रक्तदान किया।