विद्यार्थी जीवन व्यक्तित्व निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण समय: राजयोगी बीके प्रहलाद
ग्वालियर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा चलाए जा रहे 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान एवं एक हैं हम अभियान के अंतर्गत द रेडियंट हायर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों के लिए नैतिक शिक्षा, व्यवहारिक शिक्षा एवं मेडिटेशन विषय पर एक विशेष कार्यक्रम स्कूल प्रिंसिपल ब्रह्मजीत सिंह के निर्देशन में आयोजित हुआ।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, सकारात्मक सोच, अनुशासन, एकाग्रता तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के साथ नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में ब्रह्माकुमारीज़ से मोटिवेशनल स्पीकर एवं वरिष्ठ राजयोग ध्यान प्रशिक्षक राजयोगी बीके प्रहलाद भाई ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन व्यक्तित्व निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण समय है। इस दौरान अच्छे संस्कार, सकारात्मक सोच, अनुशासन और श्रेष्ठ संगति को अपनाकर जीवन को सही दिशा दी जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने तथा अपने समय और ऊर्जा का उपयोग शिक्षा, रचनात्मक कार्यों एवं समाज सेवा में करने के लिए प्रेरित किया। बीके प्रहलाद भाई ने विद्यार्थियों को राजयोग मेडिटेशन के महत्व एवं इसके लाभों के बारे में विस्तार से बताते हुए सभी को ध्यान का अभ्यास भी कराया। उन्होंने कहा कि नियमित ध्यान से मन को शांत रखने, एकाग्रता बढ़ाने, तनाव कम करने तथा सकारात्मक सोच विकसित करने में सहायता मिलती है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को हर प्रकार के नशे से सदैव दूर रहने, भारत को नशामुक्त बनाने में अपना सकारात्मक योगदान देने, माता-पिता एवं वरिष्ठजनों का सम्मान करने तथा एक आदर्श विद्यार्थी बनने का संकल्प कराया गया।प्रिंसिपल ब्रह्मजीत सिंह ने आभार व्यक्त करते हुए कहा की ऐसे प्रेरक सत्रों से विधार्थियों को बहुत कुछ सीखने को मिलता है।इस अवसर पर बीके हर्षित, विद्यालय के शिक्षकगण सहित 400 से अधिक विद्यार्थी उपस्थित रहे।
ब्रह्माकुमारीज़ का रक्तदान शिविर 22 से
इसके साथ ही बीके प्रहलाद ने जानकारी देते हुए बताया कि विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान का आयोजन ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशसिका परम श्रद्धेय दादी प्रकाशमणी जी के पुण्य स्मृतिदिवस के उपलक्ष्य में पूरे देश में 21 से 25 अगस्त तक किया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत ग्वालियर में भी 22, 23 और 24 अगस्त को माधौगंज स्थित ब्रह्माकुमारीज़, प्रभु उपहार भवन में प्रातः 9:30 बजे शाम 4 बजे तक स्वेच्छक रक्तदान शिविर का आयोजन होगा।