पीसीसी चीफ पटवारी ने साधा सिंधिया पर निशाना, बोले- उनका चरित्र सबको पता है
ग्वालियर। ग्वालियर से जो नेता भाजपा में गए हैं, उनके चरित्र को सब जानते हैं। सबको पता है कि एक पिस्टल कहां गई थी। अगर उस पर बात करूंगा तो यह मेरा छोटापन होगा। यह बात शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर तीखा हमला बोलते हुये ग्वालियर-चंबल अंचल के दौरे पर आये प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मीडिया से चर्चा के दौरान कही।
कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना के बयान पर पलटवार करते हुए पीसीसी चीफ पटवारी ने कहा कि 25 साल से कैलारस शुगर मिल चालू करने का सिर्फ झांसा दिया जा रहा है। सात बार तो खुद मुख्यमंत्री घोषणा कर चुके हैं। एदल सिंह कंषाना और नरेंद्र सिंह तोमर जैसे बड़े नेता यहां से आते हैं, फिर भी मिल बंद पड़ी है। हमारे कांग्रेस विधायक पंकज उपाध्याय कई साथियों के साथ सात दिन से अनशन पर बैठे हैं, लेकिन सरकार को किसान कल्याण वर्ष में किसानों की कोई चिंता नहीं है। राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान को लेकर छिड़े विवाद पर पटवारी ने कहा कि भाजपा का काम हमेशा विवाद खड़ा करके देशभक्ति का सर्टिफिकेट बांटना है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आजादी के आंदोलन में संघ या भाजपा का एक भी नेता शामिल नहीं था, वे सब अंग्रेजों के पिट्ठू थे। कांग्रेस को उनसे देशभक्ति सीखने की जरूरत नहीं है। हम वही करेंगे जो संविधान में लिखा है। बालाघाट में बच्चों की लगातार मौतों पर चिंता व्यक्त करते हुए पीसीसी चीफ ने कहा कि मध्य प्रदेश में करप्शन का कैंसर फैल चुका है। छिंदवाड़ा में 26 बच्चों की जान जाने के बाद अब बालाघाट की घटना से स्वास्थ्य विभाग का असली चेहरा सामने आ गया है। वर्तमान में स्वास्थ्य विभाग हत्यारा बन चुका है।