3 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला में उमड़ा जनसैलाब
ग्वालियर। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व अखंड भारत दिवस के अवसर पर शुक्रवार को ग्वालियर में देशभक्ति और स्वच्छता का अनूठा संगम देखने को मिला। स्वच्छ ग्वालियर अभियान टोली द्वारा आयोजित लगभग 3 किलोमीटर लंबी स्वच्छता जागरूकता मानव श्रृंखला में शहर के विभिन्न शैक्षणिक, व्यापारिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों, संस्थाओं और प्रतिष्ठानों के साथ बड़ी संख्या में स्वच्छता प्रेमी नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कटोराताल फ्लैग पॉइंट से प्रारंभ हुई मानव श्रृंखला अचलेश्वर चौराहा, अचलेश्वर मंदिर, इंदरगंज चौराहा, जयेंद्रगंज, नदी गेट, मोती-तबेला, बेजाताल और फूलबाग-चौपाटी होते हुए वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई प्रतिमा तक पहुंची। इस श्रृंखला में फाइन आर्ट कॉलेज, जीवाजी क्लब, चैंबर ऑफ कॉमर्स, दालबाजार एसोसिएशन, लोहिया बाजार एसोसिएशन, सनातन धर्म मंदिर एसोसिएशन, संजय कॉम्प्लेक्स एसोसिएशन, गुरूद्वारा, सिंधिया कन्या विघालय, जीवाजी स्कूल, विभिन्न शासकीय विद्यालय, महाविद्यालय, सामाजिक संस्थायें एवं नगर निगम की आईईसी टीम ने भाग लिया। मार्गभर लोगों ने हाथों में हाथ जोड़कर स्वच्छ का संदेश दिया और स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया।
इस दौरान वातावरण “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम” और स्वच्छता से जुड़े जोशीले नारों से गूंज उठा। प्रतिभागियों ने “स्वच्छ ग्वालियर, सुंदर ग्वालियर”, “हम सबने ठाना है, ग्वालियर को स्वच्छ बनाना है” और “तिरंगे की शान में, हम स्वच्छता अभियान में” जैसे नारों के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में सिंगल-यूज प्लास्टिक से मुक्ति, कचरे का उचित निस्तारण, गीले-सूखे कचरे का पृथक्करण, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश भी दिया गया।