अपर आयुक्त ने किया निरीक्षण, जलभराव रोकने के दिए निर्देश
ग्वालियर। स्मार्ट सिटी सीईओ एवं अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने शुक्रवार को दीनदयाल नगर, सिटी सेंटर, सचिन तेंदुलकर मार्ग का निरीक्षण किया। दीनदयाल नगर में आमजनों द्वारा डिवाइडर बनाकर पानी के बहाव को रोक दिया था, जिसे हटाने के निर्देश दिये। इसके साथ ही गंदगी मिलने पर अपर आयुक्त ने नाराजगी जताई।
दीनदयाल नगर में निरीक्षण करते समय आमजनों ने अपर आयुक्त टी प्रतीक राव को समस्या बताई। आमजन ने कहा कि कुछ लोगों ने सडक पर ब्रेकर बना दिया है, जिसके कारण बारिश का पानी आगे नहीं जा पा रहा है। अपर आयुक्त ने आज ही ब्रेकर को हटाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने दीनदयाल नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के नालों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुछ जगह नालों में गंदगी मिली, अपर आयुक्त ने तत्काल नालों को साफ करने के निर्देश दिए। इसके बाद अपर आयुक्त ने टप्पा तहसील में निर्माणाधीन सार्वजनिक शौचालय का निरीक्षण किया। अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने सिटी सेंटर में बीएसएनएल ऑफिस के पास बन रहे सार्वजनिक शौचालय का निरीक्षण किया। इस दौरान वहां पर गंदगी मिली। अपर आयुक्त ने तत्काल गंदगी साफ करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने गोविंदपुरी में बन रही वाटर हार्वेस्टिंग का निरीक्षण किया। अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने प्रातः शहर की साफ सफाई व्यवस्था देखने के लिए विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण किया। अपर आयुक्त ने बस स्टेंड, एजी ऑफिस पुल, सांइस कॉलेज चैराहा, अचलेश्वर चैराहा होते हुए दाल बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया।