सीआरपीएफ जवानों ने बैंड की धुन पर प्रस्तुत किया वंदे मातरम
ग्वालियर । स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर चारों ओर देशभक्ति का माहौल है। स्वतंत्रता पर्व की पूर्व संध्या पर जल विहार परिसर फूलबाग में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों द्वारा एक भव्य और प्रेरणादायी संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर सीआरपीएफ के जवानों ने अपने विशेष ब्रास बैंड के माध्यम से राष्ट्रगीत वंदे मातरम का संगीतमय गायन प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर वहां मौजूद सभी लोग राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो गए। कार्यक्रम के दौरान सीआरपीएफ बैंड ने एक से बढ़कर एक देशभक्तिपूर्ण गीतों और धुनों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। जवानों की लयबद्ध स्वर लहरियों और बैंड की धुनों ने पूरे वातावरण को तिरंगे के रंग में रंग दिया। वंदे मातरम के साथ-साथ ये मेरे वतन के लोगो एवं राष्ट्रगीत सहित कई अन्य अमर देशभक्ति गीतों की धुनों पर उपस्थित जनसमूह झूम उठा।