30 हजार की रिश्वत लेते नगरीय विभाग के दो बाबू पकडे
ग्वालियर। लोकायुक्त पुलिस ग्वालियर ने आज नगर परिषद पिछोर जिला शिवपुरी के दो रिश्वत खोरों को पकडा है। यह दोनों एक भुगतान के लिये 60 हजार रूपये की रिश्वत मांग रहे थे। इन्हें रिश्वत राशि की पहली किश्त 30 हजार रूपये के साथ पकडा गया है।
लोकायुक्त एसपी ग्वालियर निरंजन लाल शर्मा ने बताया कि नगर परिषद पिछोर के उच्च श्रेणी लिपिक दीपक बनाफर व सर्वेयर रामबाबू त्रिपाठी ने विशाल केवट के द्वारा सप्लाई किये गये कम्प्यूटर प्रिंटर , लैपटाप व अन्य इलेक्टोनिक्स सामान के बिल के भुगतान के एवज में 60 हजार रूपये की राशि मांगी थी। अपनी राशि न मिलने पर विशाल केवट ने लोकायुक्त पुलिस से संपर्क किया था।
लोकायुक्त पुलिस ने इसके बाद दोनों रिश्वतखोरों को दबोचने के लिये आज जाल बिछाया, जैसे ही विशाल केवट ने रिश्वत की राशि के रूप में 30 हजार रूपये दीपक बनाफर व रामबाबू त्रिपाठी को दिये तो तुरंत लोकायुक्त पुलिस टीम ने उन्हें जल प्रदाय स्थित एक हेल्प लाइन शाखा नगर परिषद पिछोर में दबोच लिया।
लोकायुक्त टीम में डीएसपी विनोद सिंह कुशवाह, इंस्पेक्टर कामता प्रसाद बैन, प्रधान आरक्षक हेमंत शर्मा,देवेन्द्र पवैया, नेतराम राजौरिया, आरक्षक प्रशांत राजावत, रवि सिंह , सुरेन्द्र सेमिल, बलवीर सिंह अन्य शामिल थे। लोकायुक्त एसपी निरंजन लाल शर्मा ने बताया कि लोकायुक्त पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।