ग्वालियर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मध्य भारत प्रांत का तीन दिवसीय ‘शताब्दी संकल्प शिविर’ 4 से 6 दिसंबर तक ग्वालियर के मेला मैदान में आयोजित किया जाएगा। शिविर में मध्य भारत प्रांत के करीब 3 हजार स्वयंसेवक शामिल होंगे। आयोजन का उद्देश्य स्वयंसेवकों में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता, अनुशासन और संगठनात्मक भावना को मजबूत करने के साथ उन्हें राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रेरित करना है।
शिविर के दौरान स्वयंसेवकों को शारीरिक एवं बौद्धिक प्रशिक्षण के साथ सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति जागरूक किया जाएगा। स्वयंसेवक संगठित, अनुशासित और संस्कारित समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लेंगे।
श्रम सहभाग से शुरू हुई तैयारियां
शिविर की तैयारियों के तहत मेला मैदान में साफ-सफाई, स्वच्छता अभियान, अस्थायी टेंट लगाने और शिविर परिसर को सुव्यवस्थित करने का काम शुरू हो गया है। 10 नवंबर से स्वयंसेवक प्रतिदिन मेला मैदान में श्रम सहभाग कर रहे हैं। इसकी शुरुआत 201 स्वयंसेवकों ने सामूहिक रूप से स्वच्छता और व्यवस्था निर्माण के कार्य में योगदान देकर की थी। आने वाले दिनों में भी स्वयंसेवक श्रम सहभाग के माध्यम से शिविर की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देंगे।
5 दिसंबर को निकलेगा पथ संचलन
शिविर के दूसरे दिन 5 दिसंबर को शाम 4 बजे प्रशिक्षित स्वयंसेवकों का अनुशासित पथ संचलन निकलेगा। पथ संचलन मेला मैदान से शुरू होकर गोले का मंदिर, मुरार रोड और इंद्रमणी नगर से होते हुए वापस शिविर स्थल पहुंचेगा। पथ संचलन के माध्यम से स्वयंसेवक एकता, अनुशासन और संगठनात्मक शक्ति का संदेश देंगे।
6 दिसंबर को होगा प्रकट कार्यक्रम
शिविर के अंतिम दिन 6 दिसंबर को शाम 4 बजे शिविर परिसर में भव्य प्रकट कार्यक्रम एवं विशेष प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। जिसमें ग्वालियर महानगर के प्रबुद्धजनों के साथ करीब 10 हजार नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को संघ की कार्यपद्धति और विभिन्न गतिविधियों से परिचित कराया जाएगा। आयोजन के माध्यम से मध्य भारत प्रांत के स्वयंसेवक राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लेंगे।