घर पर नहीं बन रहे पेंशनर्स के प्रमाणपत्र, भटक रहे
- पीएफ कार्यालय में लग रही लंबी लाइन
ग्वालियर. इनदिनों पेंशन पाने वाले कर्मचारियों को जीवन प्रमाणपत्र बनवाने के लिए बैंक व भविष्य निधि कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। दोनों स्थानों पर पेंशनर्स को प्रमाणपत्र बनवाने में पूरा-पूरा दिन लग रहा है। वहीं दूसरी तरफ सरकार ने आदेश दिए हैं कि बुजुर्ग हो चुके पेंशनर्स के घर पर ही जीवित प्रमाणपत्र बनाए जाएंगे मगर इस आदेश का कोई असर नहीं दिख रहा है।
सरकारी सेवा में रहे कर्मचारी पेंशनर्स होने के बाद वर्ष के अंत में अपने जीवित होने का प्रमाण देते हैं। पेंशनर्स से उनके जीवित होने का प्रमाण बैंक मांगता है। बैंक में पहुंच रहे पेंशनर्स को अपने जरूरी दस्तावेज के साथ यह प्रमाणपत्र देने बैंक व पीएफ कार्यालय पहुंच रहे हैं। यही हाल बैंकों का है। कई पेंशनर्स बेहद बुजुर्ग हो चुके हैं। उन्हें आंखों से दिखाई कम देता है। उनके हस्ताक्षर व थंब इंप्रेशन भी काम नहीं कर रहे हैं। ऐसे बुजुर्गों के आगे बेहद गंभीर समस्या है।
चार शहर का नाका स्थित पीएफ कार्यालय में भी बड़ी संख्या में पेंशन पाने वाले पहुंचकर अपने जीवित होने का प्रमाणपत्र बनवा रहे हैं। विभाग ने एक विशेष डेस्क बना दी है। जहां पर दूरदराज से आ रहे पेंशनर्स अपनी पास बुक दिखाकर प्रमाणपत्र बनवा रहे हैं। लेकिन कई पेंशनर्स को यहां से निराश होकर लौटना प़ड़ रहा है। इसकी वजह ये है कि जिन पेंशनर्स की जिस माह में पेंशन मिलना शुरू हुई है उसका उसी माह में प्रमाणपत्र बन सकेगा। वहीं कई बुजुर्ग पेंशनर्स को इस दौरान दस्तावेजों में कमी होने पर बार-बार चक्कर लगाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। पीएफ कार्यालय की ओर से उन्हें विधिवत मोबाइल पर सूचना भेजी जाती तो वे बार-बार नहीं आते।