गहोई वरिष्ठ संघ के चुनाव दिसंबर में, कार्यालय का हुआ उद्घाटन, मीडिया प्रभारी शंशाक रूसिया बने
ग्वालियर । ग्वालियर में बुधवार को महाराज बाड़ा स्थित मैथिलीशरण गुप्त पुस्तकालय एवं शोध संस्थान में वरिष्ठ संघ वृहत्तर ग्वालियर के निर्वाचन कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान सूर्यदेव के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। श्री गहोई वैश्य समाज वृहत्तर रजिस्टर्ड ग्वालियर के प्रकोष्ठ वरिष्ठ संघ की वर्ष 2026 से 2029 तक की नवीन कार्यकारिणी के गठन हेतु निर्वाचन कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है।
इसके अंतर्गत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष के एक-एक पद, संयुक्त सचिव के दो और कार्यकारिणी सदस्यों के आठ पदों सहित कुल 14 पदों के लिए निर्वाचन होगा। निर्वाचन की जिम्मेदारी मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुरेश नीखरा एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी विनोद बिजपुरिया, घनश्यामदास कंथरिया और राकेश खरया को सौंपी गई है। निर्वाचन कार्यालय मैथिलीशरण गुप्त पुस्तकालय एवं शोध संस्थान, महाराज बाड़ा, ग्वालियर में शाम 6 से रात 8 बजे तक संचालित होगा। निर्वाचन कार्यक्रम की बात करें तो, 25 नवंबर को मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। 26 एवं 27 नवंबर को दावे-आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी और 28 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। 29 नवंबर से 2 दिसंबर तक नामांकन पत्र प्राप्त एवं जमा किए जाएंगे। 3 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच और 4 दिसंबर को वैध नामांकन पत्रों की सूची जारी होगी। 5 एवं 6 दिसंबर को दावे-आपत्तियों एवं नाम वापसी के बाद 7 दिसंबर को प्रत्याशियों की अंतिम सूची प्रकाशित होगी।
रविवार, 27 दिसंबर को सुबह 9 से शाम 4 बजे तक मैथिलीशरण गुप्त पुस्तकालय, गहोई भवन, खासगी बाजार में मतदान होगा। मतदान समाप्ति के डेढ़ घंटे बाद उसी स्थान पर मतगणना होगी, जिसके पश्चात मुख्य निर्वाचन अधिकारी परिणाम घोषित करेंगे। कार्यक्रम में महासभा के पूर्व अध्यक्ष राधेश्याम कुचिया, वरिष्ठ संघ वृहत्तर ग्वालियर के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश निगोती, गहोई समाज ग्रेटर ग्वालियर के अध्यक्ष प्रदीप पहारिया एवं उनकी पूरी टीम विशेष रूप से उपस्थित रही। इसके साथ ही भाजपा के युवा नेता एवं ग्वालियर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सुधीर पहारिया, जय प्रकाश गहोई और रूपेश खंताल सहित समाजबंधु एवं वरिष्ठजन भी शामिल हुए। वहीं, वरिष्ठ संघ निर्वाचन के लिए शशांक रूसिया को मीडिया प्रभारी एवं प्रवीण रेजा को कार्यालय व्यवस्थापक बनाए जाने की घोषणा की गई।