ग्वालियर। दीपावली का पर्व केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के साथ खुशियां साझा करने और आपसी प्रेम, सद्भाव एवं भाईचारे को मजबूत करने का भी पर्व है। इसी सामाजिक भावना को साकार करते हुए निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने दीपावली के अवसर पर उपनगर ग्वालियर के मल्लगढ़ा क्षेत्र स्थित आदिवासी बस्ती पहुंचकर आदिवासी परिवारों के बीच दीपावली का त्योहार मनाया।
इस दौरान उन्होंने बस्ती के परिवारों से आत्मीयता के साथ मुलाकात की और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए पर्व की खुशियां साझा कीं। निगम आयुक्त चौधरी इसके पश्चात पीएचई कॉलोनी स्थित हरिजन बस्ती पहुंचे, जहां उन्होंने रहवासियों को दीपावली की बधाई दी तथा बच्चों एवं परिवारों के बीच मिष्ठान और पटाखों का वितरण किया। निगम आयुक्त की इस आत्मीय पहल से बस्ती के परिवारों और बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। बच्चों ने भी उत्साह के साथ दीपावली का पर्व मनाया। इस अवसर पर आयुक्त चौधरी ने समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने, जरूरतमंद परिवारों के साथ खुशियां बांटने और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने का संदेश दिया।