ग्वालियर। दीपावली के पावन पर्व पर जब पूरा शहर दीपों और आतिशबाजी के साथ उत्सव मना रहा था, वहीं नगर निगम ग्वालियर का अग्निशमन अमला शहरवासियों की सुरक्षा के लिए पूरी रात मुस्तैदी से तैनात रहा। दीपावली की रात शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आग लगने की घटनाओं की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की दमकल गाड़ियां एवं रेस्क्यू दल तत्काल मौके पर पहुंचे और तत्परता से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया।
नगर निगम के फायर नोडल अधिकारी रजनीश गुप्ता ने बताया कि दीपावली की रात आतिशबाजी एवं पटाखों के कारण शहर में विभिन्न स्थानों पर आग लगने की घटनाएं सामने आईं। इस दौरान कुल 22 स्थानों से फायर कॉल प्राप्त हुईं। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीमों ने बिना विलंब किए दमकल वाहनों एवं रेस्क्यू दल के साथ घटनास्थलों पर पहुंचकर आग बुझाने की कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि दीपावली पर्व को देखते हुए फायर अमले को विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए थे। इसी के चलते फायर ब्रिगेड की टीमें पूरी रात सक्रिय रहीं और सभी प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई की गई। नगर निगम के अग्निशमन अमले की सतर्कता एवं तत्परता से दीपावली की रात आगजनी की घटनाओं पर समय रहते नियंत्रण पाने में मदद मिली।