डेंगू-मलेरिया नियंत्रण के लिए सीएमएचओ ने प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
ग्वालियर। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम.एस. सागर ने सोमवार को डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया की रोकथाम के लिए जन-जागरूकता हेतु तीन प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन शहरी क्षेत्र के डेंगू प्रभावित क्षेत्रों में माइकिंग के माध्यम से जागरूकता संदेश दे रहे है। इस अवसर पर जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विनोद दोनेरिया, जिला मीडिया अधिकारी आई.पी. निवारिया, जिला मलेरिया सलाहकार राजेश वर्मा उपस्थित रहे।
डॉ. दोनेरिया ने बताया कि साफ और रुके पानी में पनपने वाले एनाफिलीज मच्छर से मलेरिया तथा एडीज मच्छर से डेंगू और चिकनगुनिया फैलता है। गंदे पानी में पनपने वाले मच्छर से हाथीपांव की बीमारी होती है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि घर और आसपास पानी जमा न होने दें, लार्वा नष्ट करें और मच्छरदानी व रिपेलेंट का उपयोग करें। बुखार होने पर तत्काल मलेरिया जांच कराएं। जांच की सुविधा आशा कार्यकर्ता और सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध है।