ग्वालियर। नगर निगम के अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने शनिवार को शहर की सफाई व्यवस्था एवं विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक 20 में नेता प्रतिपक्ष हरिपाल के साथ विभिन्न स्थानों पर भ्रमण किया तथा कार्यालय के कर्मचारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके साथ ही निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्य में लापरवाही न बरतने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त राव ने जोन क्रमांक 20 में संपत्तिकर विभाग की बैठक लेकर राजस्व वसूली की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप संपत्तिकर वसूली में तेजी लाएं तथा शत-प्रतिशत लक्ष्य शीघ्र पूरा करना सुनिश्चित करें। इसके पश्चात वार्ड क्रमांक 46 एवं 44 की मुख्य सड़कों पर गंदगी पाए जाने पर उन्होंने संबंधित वार्ड हेल्थ ऑफिसर को कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि तत्काल सफाई कराकर आधे घंटे के भीतर व्यवस्था दुरुस्त की जाए। वार्ड क्रमांक 47 में निरीक्षण के दौरान उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति का रजिस्टर जांचा। वार्ड क्रमांक 48 में नालियों की सफाई नहीं पाए जाने पर अपर आयुक्त ने संबंधित सहायक स्वास्थ्य अधिकारी, जोनल स्वास्थ्य अधिकारी एवं वार्ड स्वास्थ्य अधिकारी तथा सहायक को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए जोनल स्वास्थ्य अधिकारी मनोज खरे एवं वार्ड स्वास्थ्य अधिकारी दीपक खरे को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए तथा वार्ड 48 के वार्ड हेल्थ ऑफिसर दीपक खरे का एक सप्ताह का वेतन रोकने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त सुनील चौहान, क्षेत्रीय अधिकारी बृजेश राजपूत, स्वास्थ्य अधिकारी किशोर चौहान, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी रामचंद्र धौलपुरिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अपर आयुक्त राव ने गोले का मंदिर स्थित कन्वेंशन सेंटर का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए कि कन्वेंशन सेंटर का शेष कार्य हर हाल में 15 नवंबर तक पूर्ण कराया जाए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।