संगठन ही कर्मचारियों की सबसे बड़ी ताकत, हर संघर्ष में सदैव साथ रहूंगा : देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर
ग्वालियर। मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ, जिला ग्वालियर की जिला कार्यसमिति बैठक रविवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में कर्मचारियों की वेतन एवं पदोन्नति संबंधी विसंगतियों, अनिवार्य टीईटी (TET), ऑनलाइन उपस्थिति, कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई और संगठन को अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर (रामू भैया), उपाध्यक्ष, हॉकी इंडिया रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री जितेंद्र यादव, जिला अध्यक्ष, मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ, ग्वालियर ने की। मुख्य वक्ता के रूप में श्री हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश अध्यक्ष, मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ, श्री सुरेंद्र सिंह भदौरिया, विभाग प्रमुख, भारतीय मजदूर संघ ग्वालियर-दतिया एवं संगठन मंत्री, मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ तथा श्री रविंद्र सिंह तोमर, जिला परियोजना समन्वयक, जिला शिक्षा केंद्र, ग्वालियर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर भारत माता, भगवान विश्वकर्मा एवं राष्ट्रऋषि दत्तोपंत ठेंगड़ी के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुआ। तत्पश्चात स्वागत सत्र में श्री सुनील आर्य, जिला सचिव, मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ एवं श्री प्रदीप दीक्षित, सहमंत्री, भारतीय मजदूर संघ द्वारा सभी मुख्य अतिथियों एवं मंचासीन अतिथियों का माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का संचालन श्री निरंजन सिंह घुरैया, प्रदेश मंत्री, मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ द्वारा किया गया। संचालन के दौरान भारतीय मजदूर संघ का प्रेरणादायी गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को ऊर्जावान वातावरण प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि श्री देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर (रामू भैया) ने अपने उद्बोधन में कहा कि संगठन ही कर्मचारियों की सबसे बड़ी ताकत है। कर्मचारियों के हितों एवं सम्मान की रक्षा के लिए वे सदैव उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने सभी कर्मचारियों से संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए आश्वस्त किया कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान हेतु प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से संगठन की शीघ्र वार्ता कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत श्रीवास्तव ने कर्मचारियों की वेतन विसंगतियों, पदोन्नति, अनिवार्य टीईटी परीक्षा एवं ऑनलाइन उपस्थिति जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि यदि सरकार कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण की दिशा में शीघ्र सकारात्मक कदम नहीं उठाती है, तो राष्ट्रीय राज्य कर्मचारी संघ के कोलकाता अधिवेशन में लिए गए निर्णय के अनुसार देशभर में माननीय प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन अभियान चलाया जाएगा।
श्री रविंद्र सिंह तोमर ने कहा कि वे स्वयं एक अधिकारी-कर्मचारी हैं, इसलिए कर्मचारियों की समस्याओं एवं उनके हितों के संरक्षण के लिए सदैव संगठन के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने तथा कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
श्री सुरेंद्र सिंह भदौरिया ने संगठन की रीति-नीति, उद्देश्य एवं संगठन विस्तार पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक कर्मचारी का दायित्व है कि वह संगठन की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाए तथा राष्ट्रहित, प्रदेशहित और कर्मचारी हित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करे। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी कर्मचारी के साथ अन्याय होता है, उसके वैधानिक स्वत्वों अथवा देयकों का समय पर भुगतान नहीं किया जाता या किसी भी प्रकार की अनावश्यक मांग अथवा प्रताड़ना की जाती है, तो संगठन इस विषय को पूरी गंभीरता से उठाएगा। दोषी एवं लापरवाह अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के लिए वरिष्ठ अधिकारियों से प्रभावी हस्तक्षेप कराया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक आंदोलन का मार्ग भी अपनाया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे श्री निरंजन सिंह घुरैया, प्रदेश मंत्री, मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ ने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्तमान समय में विभिन्न शासकीय कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार कर्मचारियों के लिए अत्यंत पीड़ादायक एवं चिंताजनक विषय बन गया है। अनेक कर्मचारी अनावश्यक परेशानियों एवं मानसिक प्रताड़ना का सामना कर रहे हैं। संगठन इस विषय को गंभीरता से ले रहा है तथा आगामी समय में कर्मचारियों के हितों के संरक्षण, उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी एवं ठोस कार्रवाई करेगा।
बैठक में हाल ही में सेवानिवृत्त हुए श्री ऋषिकेश वशिष्ठ एवं श्री आर.एन. शर्मा का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। वहीं पदोन्नत प्राचार्य श्रीमती स्मृति शर्मा एवं श्री राम सिंह भदौरिया का शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया गया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में श्री जितेंद्र यादव ने संगठन की मजबूती और कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए सभी सदस्यों से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में श्री सुनील आर्य, जिला सचिव, मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्री देवेंद्र दुबे, श्री प्रीतम गोयल, संभागीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री पवन शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष श्री राजकुमार कौरव, संभागीय कोषाध्यक्ष श्री शिवकांत शर्मा, श्री निवारिया, जिला योग प्रभारी श्री गोविंद मेहलोत्रा, जिला क्रीड़ा निरीक्षक एवं खेल विभागीय समिति संयोजक श्री आर.के. सिंह, श्री ब्रजेश शर्मा, श्री मनोज आर्य, श्री मनोज बरेहिया, श्री उदय प्रकाश झा, श्री नंदकिशोर गुर्जर, श्री प्रदीप शर्मा, श्री दीपेंद्र सिंह, स्वास्थ्य विभागीय समिति के अध्यक्ष श्री कोमल बैठक, श्री परशुराम शर्मा सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने तथा आगामी संगठनात्मक एवं आंदोलनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।