ग्वालियर। लक्कडख़ाना पुल के निर्माण का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है, निगम आयुक्त संघ प्रिय ने पुल विस्तारीकरण कार्य एवं निर्माण कार्य का निरीक्षण किया तथा कार्य तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए इसके साथ ही जो भी छोटे-छोटे काम रह गए हैं और यदि यातायात में कहीं बाधा है तो तत्काल उसका निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आम जनों की सुविधा के लिए आवागमन हेतु एक ओर का रास्ता खोल दिया गया है। निरीक्षण के दौरान लेखा समिति के अध्यक्ष एवं पार्षद अनिल सांखला, पार्षद जितेंद्र मुद्गल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नगरीकगण उपस्थित रहे। पुल के निर्माण से यहां पर लगने वाले जाम से लोगों को मुक्ति मिलेगी।
सहायक यंत्री अमित गुप्ता ने बताया कि स्टेटकाल के समय बनाए गए लक्कडख़ाना पुल की चौड़ाई महज 6 मीटर थी, जिससे यहां से गुजरने वाले ट्रैफिक केे लिए पर्याप्त नहीं है। इसके चलते नगर निगम ने यहां पर नया पुल बनाकर तैयार कर दिया है। नवीन पुल की चौड़ाई 12 मीटर है। जिससे अब यहां से आसानी से वाहन गुजर सकेंगे और जाम भी नहीं लगेगा। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त सहित सभी संबंधित अधिकारियों ने पुल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्य तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए इसके साथ ही पुल के चौड़ीकरण में बाधक एक निर्माण को लेकर संबंधित से चर्चा कर आवश्यक निराकरण करने के निर्देश दिए। निगम आयुक्त संघ प्रिय ने महाराज बाड़ा स्थित निर्माणाधीन मल्टीलेवल कार पार्किंग का औचक निरीक्षण कर तत्काल पार्किंग प्रारंभ करने हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।