रिकॉर्ड मतदान कर विकास व सुशासन के लिए भाजपा को विजयी बनाएं: हेमंत खण्डेलवाल
भोपाल/दतिया। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने दतिया विधानसभा उपचुनाव के सभी मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का यह पर्व उत्साह, शांति और सौहार्द के साथ मनाकर मध्यप्रदेश के लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त और शांतिपूर्ण मतदान की गौरवशाली परंपरा निभाने में सदैव अग्रणी रखना है। पूर्ण विश्वास है कि दतिया विधानसभा क्षेत्र के भाई-बहन, माताएं, युवा, वरिष्ठजन एवं नवमतदाता पूरे उत्साह, जागरूकता व जिम्मेदारी के साथ मतदान कर लोकतंत्र को और अधिक मजबूत करेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि यह मतदान केवल हमारा संवैधानिक अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी भी है। इसलिए प्रत्येक मतदाता बिना किसी लोभ, लालच, भय और दबाव के निर्धारित समय पर अपने मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करे। आपका प्रत्येक वोट दतिया के विकास, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक ने कहा कि इस उपचुनाव में बड़ी संख्या में नवमतदाता पहली बार मतदान करेंगे। उनके लिए यह लोकतंत्र के महापर्व में सहभागी बनने का ऐतिहासिक अवसर है। लोकतंत्र की मजबूती तभी सुनिश्चित होगी, जब प्रत्येक नागरिक अपने मत का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करेगा। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान शांति, सौहार्द और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करना मध्यप्रदेश की पहचान रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि दतिया की जागरूक जनता इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए लोकतांत्रिक परिपक्वता का परिचय देगी और विकास, सुशासन तथा समृद्ध दतिया के संकल्प को साकार करने के लिए भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में प्रचंड मतदान करेगी।