छात्रों पर लाठीचार्ज घोर निंदनीय, सरकार को छात्रों की बात सुनना चाहिये: संगीता बेनीवाल
ग्वालियर। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता संगीता बेनीवाल ने कहा है कि केन्द्र की सरकार द्वारा विगत दिवस छात्रों पर जो लाठी चार्ज जैसा कृत्य किया है वह घोर निंदनीय है। उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों की बात को सुनना चाहिये था।
नीट समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में युवक कांग्रेस द्वारा शुरू किये गये छात्रों की गूंज अभियान शुरू किया है। इसी अभियान के तहत कांग्रेस की वरिष्ठ नेता संगीता बेनीवाल ग्वालियर पहुंची और उन्होंने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
कांग्रेस कार्यालय में आज पत्रकारों से चर्चा करते हुये राजस्थान के पाली से आईं कांग्रेस नेता संगीता बेनीवाल ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों से मुलाकात की और उनकी परेशानियां सुनीं। संगीता बेनीवाल ने कहा कि छात्रों से बातचीत के दौरान कई अभ्यर्थियों ने अपने भविष्य को लेकर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि छात्र लगातार पूछ रहे हैं कि उनका भविष्य क्या होगा और बार-बार होने वाली गड़बड़ियों से वह काफी आहत है। उन्होंने केंद्र सरकार को छात्र और युवा विरोधी बताते हुए कहा कि बार-बार पेपर लीक, परीक्षा रद्द होने और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की कथित विफलताओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे देना चाहिये। संगीता बेनीवाल ने दिल्ली में नीट को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के साथ खड़ी है और उनकी आवाज को सड़क से लेकर संसद तक उठाएगी।युवक कांग्रेस नेताओं ने बताया कि छात्रों की गूंज अभियान के तहत देश के 28 शहरों में छात्रों से संवाद किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य छात्रों की मांगों को सरकार तक पहुंचाना है।
पत्रकार वार्ता में युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मितेन्द्र दर्शन सिंह, शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह यादव, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष शहर विजय यादव , ग्रामीण जिलाध्यक्ष पुष्पेन्द्र सिंह आदि मौजूद थे।