संजीवनी बनकर आई पीएमश्री एयर एम्बुलेंस, गंभीर मरीज को पहुँचाया एम्स

ग्वालियर। जब हर पल कीमती हो और मरीज की जान खतरे में हो, ऐसे नाजुक क्षणों में मध्यप्रदेश सरकार की पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा संजीवनी बनकर मदद के लिये आगे आ रही है। दतिया जिले के 42 वर्षीय श्री राकेश कुमार वंशकार सिर की गंभीर चोट और क्वाड्रिपेरेसिस (चारों अंगों में कमजोरी) की गंभीर स्थिति से जूझ रहे हैं। उनको इस सेवा की मदद से समय रहते ग्वालियर विमानतल से एयर एम्बूलेंस के जरिए एम्स भोपाल पहुँचाया गया। जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा वंशकार का उपचार किया जा रहा है। 
दतिया जिले के निवासी मरीज श्री वंशकार को ग्वालियर के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार देकर स्थिति को स्थिर किया। लेकिन मरीज की गंभीरता को देखते हुए यह स्पष्ट हो गया कि उन्हें अब सुपर स्पेशियलिटी स्तर के इलाज की आवश्यकता है। ऐसे में परिजनों और चिकित्सकों के सामने सबसे बड़ी चुनौती थी समय पर, सुरक्षित और तेज गति से मरीज को उच्च चिकित्सा संस्थान तक पहुंचाना। मरीज की नाजुक स्थिति की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग तुरंत सक्रिय हो गया। पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा के तहत आवश्यक शासकीय एवं विभागीय अनुमतियां तेजी से हासिल की गईं। इसके बाद मरीज को 108 एम्बुलेंस की एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट सुविधा के साथ पूरी सतर्कता के साथ राजमाता विजयाराजे सिंधिया ग्वालियर विमानतल तक पहुंचाया गया।
निर्धारित प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन करते हुए मरीज को बुधवार 22 जुलाई को प्रातः 9:30 बजे ग्वालियर विमानतल से एयर एम्बुलेंस से एम्स, भोपाल के लिए रवाना किया गया। कुछ ही समय की उड़ान के बाद मरीज को सुरक्षित रूप से एम्स भोपाल में भर्ती करा दिया गया, जहां अब विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उनकी देखरेख में जुटी है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम.एस. सागर, पीएम श्री एयर एम्बुलेंस की नोडल अधिकारी डॉ. दीपाली माथुर और जिला क्षय अधिकारी डॉ. विजय पाठक के साझा प्रयासों से हर व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित की गई।

posted by Admin
14

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->