भाजपा संगठन ने सेवक बनाकर भेजा है, जनता की सेवा में नहीं रहेगी कोई कमी: आशुतोष तिवारी
दतिया। दतिया उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने बुधवार को दतिया विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्र बड़ौन कलां, गुलियापुरा, बडेरा, उपराय, डबराबाग, सहपुरा, बामरोल, रेपुरा, नंदपुर, सीतापुर, पहाड़ी, गड़ी, डोंगरपुर, गड़ा, बुधेड़ा, महुआ, कुम्हेणी, लिधोरा, केवलारी, झड़िया सहित दतिया नगर के वार्ड क्रमांक 27, 34 और 35 में जनसंपर्क कर जनता से आशीर्वाद मांगा एवं नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा हमेशा से व्यक्ति एवं परिवार विशेष की रही है। भारतीय जनता पार्टी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास पर चलने वाली पार्टी है। भाजपा सरकार ने दतिया विधानसभा क्षेत्र में विकास की झड़ी लगा दी है। दतिया में एयरपोर्ट बनाया, सड़कों का जाल बिछाया, स्कूल, कॉलेज, अस्पताल सहित जनजातियों के लिए हॉस्टल बनाए, लेकिन कांग्रेस ने पिछले ढाई सालों में इन्हें भी सहेजकर नहीं रखा। दतिया विधानसभा क्षेत्र का विनाश करने में कांग्रेस ने कोई कसर नहीं छोड़ी।
भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अब डूबता हुआ जहाज है। उनका नेतृत्व समाप्ति की कगार पर है। श्री तिवारी ने कहा कि इस बार हमारे शीर्ष नेतृत्व में मुझे आपका सेवक बनाकर भेजा है और वादा करता हूं कि सेवा में कोई कमी नहीं रहेगी। आपके सुख-दुख में आपका सहभागी रहूंगा और आपकी एक आवाज पर दरवाजे पर आकर खड़ा हो जाउंगा। उन्होंने कहा कि इस बार सेवा का अवसर जरूर दें। भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार ने पहले भी दतिया विधानसभा क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं रखी थी और वादा करता हूं कि आने वाले समय में भी कोई कमी नहीं रहेगी। कांग्रेस ने ढाई साल में विकास की रफ्तार को खत्म कर दिया है, लेकिन अब आने वाले ढाई वर्षों में दतिया के विकास को उसी रफ्तार पर लाया जाएगा। आशुतोष तिवारी को ग्रामीण क्षेत्रों में जनता का भरपूर आशीर्वाद एवं स्नेह मिल रहा है। गांव-गांव में पहुंचने पर उनका युवाओं, महिलाएं, बुजुर्गों सहित सभी वर्ग के लोगों द्वारा जमकर स्वागत, सत्कार भी किया जा रहा है।